इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के मुखिया सैम पित्रोदा ने विवादित बयान दिया है। उनका कहना है कि उन्हें पाकिस्तान में घर जैसा महसूस होता है। सैम पित्रोदा ने यह बात न्यूज एजेंसी आईएएनएस के साथ अपने एक इंटरव्यू में कही है। उन्होंने अपने इस इंटरव्यू में दावा किया कि जब वह पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश जैसे देशों में गए तो उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह किसी विदेशी देश में हैं बल्कि ये पड़ोसी देश उन्हें हमेशा घर की तरह लगे।
सैम पित्रोदा ने कहा कि मेरे अनुसार हमारी विदेश नीति को सबसे पहले अपने पड़ोस पर केंद्रित होना चाहिए। क्या हम वाकई अपने पड़ोसियों के साथ संबंधों में काफी सुधार कर सकते हैं? मैं पाकिस्तान गया हूं और आपको बता दूं कि मुझे वहां घर जैसा महसूस हुआ। उन्होंने अपने इस इंटरव्यू में पाकिस्तान के साथ बातचीत की वकालत की है।
Watch: Indian Overseas Congress chief Sam Pitroda says, “Our foreign policy, according to me, must first focus on our neighbourhood. Can we really substantially improve relationships with our neighbours?… I’ve been to Pakistan, and I must tell you, I felt at home. I’ve been to… pic.twitter.com/DINq138mvW
— IANS (@ians_india) September 19, 2025
पित्रोदा ने कहा- कांग्रेस और जॉर्ज सोरोस के बीच कोई संबंध नहीं
सैम पित्रोदा ने अपने इस इंटरव्यू में भारत-विरोधी जॉर्ज सोरोस फाउंडेशन के बीच संबंधों को लेकर बीजेपी के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये सारे आरोप झूठे हैं। उन्होंने अपने इंटरव्यू में कहा कि जॉर्ज सोरोस का कांग्रेस पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं। मुझे यह पता है। मैंने इन मुद्दों पर काम किया है और मैंने लोगों को इसके बारे में बात करते सुना है। उन्हें कुछ पता नहीं है। वे बस झूठ बोलते हैं। उन्हें कोई सुराग नहीं है। कोई सबूत नहीं है।
बीजेपी ने निशाना साधते हुए कहा- पाकिस्तान का चहेता, कांग्रेस का चुना हुआ…
सैम पित्रोदा के इस विवादित बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी के चहेते और कांग्रेस के विदेश प्रमुख सैम पित्रोदा कहते हैं कि उन्हें पाकिस्तान में ‘घर जैसा महसूस हुआ’। इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि यूपीए ने 26/11 के बाद भी पाकिस्तान के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई नहीं की। पाकिस्तान का चहेता, कांग्रेस का चुना हुआ।

















