हरिद्वार: मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने कुंभ नगरी हरिद्वार के भ्रमण के दौरान निर्देश दिए हैं कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाया जाए। हरिद्वार कॉरिडोर का काम कुंभ से पहले पूरा करना है। मुख्य सचिव के जाते ही जिला प्रशासन ने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण हटाने के लिए जेसीबी और बुलडोजर का इस्तेमाल करने का अभियान तेज कर दिया।
डीएम मयूर दीक्षित ने बताया कि हरिद्वार जिले में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी श्री दीक्षित के अनुसार, सभी विभागों को सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ गांव में चार अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। मौके पर पहुंचते ही टीम ने बुलडोजर चलाकर निर्माण को जमींदोज कर दिया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने स्पष्ट कहा है कि हरिद्वार जिले में सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जा रहा है।

















