इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) इस समय गाजा पर पूर्ण नियंत्रण की तैयारी में जुटी हुई है। इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने स्पष्ट कहा है कि जब तक सभी बंधकों की रिहाई नहीं हो जाती, तब तक गाजा पर तेज हमले जारी रहेंगे।
हमास को कड़ी चेतावनी
इजरायली रक्षा मंत्री ने हमास को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा- “अगर हमारी शर्तें नहीं मानी गईं, तो गाजा में जहन्नुम के दरवाजे खोल दिए जाएंगे।”
इजरायली सरकार की ओर से गाजा पर कब्जा करने के लिए सैन्य अभियानों को मंजूरी मिलने के बाद उनका यह बयान सामने आया है।
शर्तें न मानने पर सफाया करने की चेतावनी
इजरायली रक्षा मंत्री काट्ज ने साफ कहा कि जब तक हमास इजरायल के सीजफायर समझौते की शर्तों पर सहमत नहीं होता, तब तक आईडीएफ की तेज कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने दो टूक कहा कि हमारी शर्तों में सबसे अहम है-
- सभी बंधकों की सुरक्षित रिहाई
- हमास द्वारा हथियार डालना
इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि यदि ये शर्तें पूरी नहीं की गईं तो हमास का “संपूर्ण सफाया” कर दिया जाएगा।
पूरे गाजा पर नियंत्रण की ओर बढ़ता IDF
इजरायली रक्षा मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब IDF गाजा शहर में अपने जमीनी हमलों को और तेज करने की तैयारी कर रहा है। टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के मुताबिक, आईडीएफ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन ने कहा कि इजरायली सेना अब गाजा शहर के लगभग 40 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण कर चुकी है और आने वाले दिनों में पूरे शहर पर कब्जा कर लेगी।
हमास के ठिकानों पर लगातार वार
आईडीएफ ने पुष्टि की है कि उसने शुक्रवार (5 सितंबर 2025) को गाजा शहर में एक ऊंची इमारत को निशाना बनाया। सेना के अनुसार, इस इमारत का इस्तेमाल हमास के ऑपरेशनल इन्फ्रास्ट्रक्चर के रूप में किया जा रहा था। इसके नीचे एक सुरंग भी बनाई गई थी, जिसका उपयोग आतंकियों को भागने में आसानी देने के लिए किया जाता था।













