रायपुर, (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ ‘आपत्तिजनक’ टिप्पणी करने के मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ रायपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। महुआ मोइत्रा ने अमित शाह का सिर कलम करने की बात कही थी।
कोटा निवासी गोपाल सामंतो ने यह शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक के नाम से दी गई शिकायत में कहा कि, सांसद महुआ मोइत्रा ने देश के गृह मंत्री अमित शाह का गला काटकर मेज पर रखने की बात को सुनने के बाद से न केवल आहत हूं, बल्कि भयभीत और आतंकित भी हूं। यह पहला मौका है जब एक सांसद ने देश के गृह मंत्री के खिलाफ ऐसा बयान दिया हो। यह एक चेतावनी है उन सभी शांतिप्रिय नागरिकों के लिए कि जो भी बांग्लादेशी घुसपैठ की बात करेगा उसको अपनी प्राण की कीमत चुकानी पड़ेगी।
गोपाल सामंतो न कहा कि वह स्वयं बंग समाज से आते हैं और इस बात का गर्व है कि देश की स्वाधीनता संग्राम, कला साहित्य एवं विज्ञान आदि में हमारे समाज का विशेष योगदान रहा है, जिसकी वजह से पूरे देश में हमारे समाज को विशेष स्नेह और सम्मान प्राप्त होता आ रहा है। महुआ मोइत्रा के बयान से इस बात का भय है कि बंग समाज के प्रति लोगों में घृणा पैदा होगी और आगे जाकर बंग समाज के लोगों के खिलाफ आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो सकती है। इसलिए ऐसे लोगों को देश के कानून के सामने तुरंत लाकर उन्हें स्वयं की राजनीति के लिए लाखों लोगों के जिंदगियों को दांव पर लगाने से भी रोकना चाहिए।
ये भी पढ़ें – टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने गृह मंत्री अमित शाह को दी सिर कलम करने की धमकी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, स्थानीय निवासी की शिकायत के आधार पर पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ शनिवार को माना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196 (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और धारा 197 (राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने वाले आरोप, दावे) के तहत मामला दर्ज किया गया।
















