बिहार के दरभंगा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। भाजपा ने बुधवार (27 अगस्त) को घटना के बाद कई थानों में शिकायत दर्ज कराई और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग की। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में कांग्रेस कार्यकर्ता मंच से प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां और गालियां देते हुए सुनाई दे रहे हैं। राहुल गांधी के स्वागत में आयोजित कांग्रेस रैली का आयोजन युवा कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद ने किया था, जिस पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और तेजस्वी यादव के पोस्टर लगे हुए थे।
यह लोकतंत्र को कलंकित करने वाला: अमित शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए गुरुवार (28 अगस्त) को एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “बिहार के दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी के मंच से जिस प्रकार गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया है, वह न केवल निंदनीय है, बल्कि हमारे लोकतंत्र को भी कलंकित करने वाला है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की राजनीति अपने निम्न स्तर पर आ पहुंची है। उनको यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है कि कैसे एक गरीब मां का बेटा बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री पद पर बैठा हुआ है और अपने नेतृत्व में देश को निरंतर आगे ले जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस पार्टी अपने उस चाल-चरित्र में वापस लौट आई है, जिसके माध्यम से उसने हमेशा देश की राजनीतिक संस्कृति में जहर घोलने का काम किया। गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज तक गांधी परिवार ने मोदी जी के खिलाफ नफरत फैलाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। परंतु अब तो इन्होंने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। यह हर मां का, हर बेटे का अपमान है, जिसके लिए 140 करोड़ देशवासी उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
भाजपा का पलटवार, माफी की मांग की
भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी और उनकी माताजी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने को अस्वीकार्य और असहनीय बताया है। भाजपा प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “राहुल गांधी जी, आपके मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया और अभद्र गालियां दी गईं, वह बिल्कुल असहनीय है।आपको देश से माफी मांगनी चाहिए। बिहार की जनता आपको इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी। पूरा देश और दुनिया मोदी जी का सम्मान करती है। एक गरीब का बेटा, एक ओबीसी, प्रधानमंत्री बन गया है और आप इसे पचा नहीं पा रहे हैं। आप इस हताशा में जलेंगे।”
बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने इस घटना से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी नेता राशिद अल्वी ने कहा कि पार्टी ऐसी भाषा को स्वीकार नहीं करती और उन्होंने इस कृत्य की निंदा की।











