चमोली। जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र थराली में जल प्रलय के बाद हुए नुकसान का जायजा लेने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे। वे आपदा प्रभावित लोगों से मिले। कुछ ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे ऊपर के गांवों का भी रास्ता जल्द से जल्द खुलवा दें। सीएम धामी ने आश्वस्त किया कि काम युद्धस्तर पर जारी है और जैसे ही मार्ग सुरक्षित होगा, वे स्वयं गांववासियों के साथ जाकर हालात का जायजा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं आपदा के समय से लगातार प्रभावित क्षेत्र के राहत एवं बचाव कार्य की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और प्रभावित गांवों तक राहत और सहायता पहुँचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
सीएम धामी ने जिला मजिस्ट्रेट संदीप तिवारी और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आपदा ग्रस्त क्षेत्र में चल रहे बचाव के कार्यों के बारे में जानकारी ली। आपदा प्रभावित आश्रय स्थलों में जाकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। आपदा क्षेत्र के छह घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार इस नाजुक दौर में प्रभावितों की मदद के लिए खड़ी है, हालात सामान्य होने तक डीएम को यहीं कैंप करने को कहा है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, लोकनिर्माण विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग और अन्य विभागों के अधिकारियों को आपदा प्रभावितों की मदद के लिए निर्देशित किया है। मृतक आश्रितों परिवार को 5 लाख रुपये और जिनके मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें भी 5 लाख रुपये सहायता दी जा रही है। शेष नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट मंगाई जा रही है। रास्ते जो बंद है उन्हें तुरंत खोले जाने के लिए मशीनरी लगी हुई है।

















