नई दिल्ली: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की थी। दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई थी। इस रोचक बातचीत का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को मंगलवार को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर शेयर किया है। यह वीडियो 10 मिनट का है जिसमें दोनों की बाचतीत को दिखाया गया है। अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन के पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि पर देश को गर्व है। वह 25 जून को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुए थे और 15 जुलाई को धरती पर वापस लौटे थे।
मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से कहा कि आपका अनुभव हमारे गगनयान मिशन के लिए बहुमूल्य होगा। भारत के अंतरिक्ष अभियानों के लिए हमें 40-50 अंतरिक्ष यात्रियों का एक समूह चाहिए। इसे लेकर शुभांशु ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहा कि भारत के गगनयान मिशन में दुनिया भर में काफी रुचि है। इस वीडियो में सबसे पहले कुछ अहम अंश दिखाए गए हैं। जिसमें शुभांशु शुक्ला को भारत की संभावनाओं पर बात करते हुए दिखाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुभांशु शुक्ला से उस होमवर्क के बारे में भी पूछा जो उन्होंने पिछली बातचीत के दौरान उन्हें सौंपा था। मोदी ने उनसे मूंग और मेथी के प्रयोग के बारे में भी पूछा।

शुभांशु शुक्ला ने पीएम मोदी को बताया कि मिशन के दौरान उनके साथी उनसे हस्ताक्षर कराकर ले गए हैं कि जब भी आपका गगनयान मिशन जाएगा, आप हमें न्योता जरूर देंगे। बातचीत के दौरान ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि अंतरिक्ष स्टेशन पर खाना एक बड़ी चुनौती है। जगह कम होती है और सामान महंगा होता है। आप हमेशा कम से कम जगह में ज्यादा से ज्यादा कैलोरी और पोषक तत्व पैक करने की कोशिश करते हैं। हर तरह से प्रयोग चल रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी शुभांशु शुक्ला से पूछ रहे हैं कि बाकी देशों के लोग भारतीय को अंतरिक्ष पर देखकर क्या पूछते हैं? क्या बात करते हैं? इस पर शुभांशु शुक्ला जवाब देते हैं- मेरा व्यक्तिगत अनुभव रहा है कि मैं जहां भी गया सभी लोग बहुत खुश थे और मुझसे बातचीत करने के लिए उत्साहित थे। पूछ रहे थे कि आप लोग क्या कर रहे हैं? सबको इस बारे में जानकारी थी कि भारत स्पेस के क्षेत्र में क्या कर रहा है?
A wonderful conversation with Shubhanshu Shukla. Do watch! @gagan_shux https://t.co/C3l2TNnMpo
— Narendra Modi (@narendramodi) August 19, 2025
शुभांशु बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कह रहे हैं, ‘मुझे मौका मिला कि मैं अपने देश को रिप्रजेंट कर पाया हूं। अब मेरी जिम्मेदारी है कि मैं ज्यादा से ज्यादा लोगों को यहां तक पहुंचाऊं। इस पर मोदी उनसे कह रहे हैं कि स्पेस मिशन में आपका अनुभव बहुत काम आयेगा। इसके जवाब में शुभांशु कहते हैं- आपने हमें गगनयान का जो सपना दिया है, वो बहुत बड़ा है। इस पर मोदी कहते हैं कि अगर हम आत्मनिर्भर बनकर करेंगे तो बहुत अच्छा करेंगे।

















