बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर सवाल उठाकर सियासी गलियारों में एक नई हलचल मचा दी है। उन्होंने सोमवार (18 अगस्त) को मीडियाकर्मियों से कहा, “राहुल गांधी और तेजस्वी जी यात्रा कर रहे हैं और अपने मुद्दे उठा रहे हैं, लेकिन इन सब मुद्दों से कुछ नहीं होने वाला है। असली मुद्दे शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी होने चाहिए।” राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप को आरजेडी पहले ही पार्टी से बाहर कर चुकी है।
‘लोग भ्रम में न रहे इसलिए इन सबसे दूर रहें’
तेज प्रताप यादव ने कहा कि SIR को लेकर चुनाव आयोग अपने तरीके से काम कर रहा है और ये लोग अपने तरीके से काम कर रहे हैं। इससे लोग भ्रमित हो रहे हैं। लोग भ्रम में न रहे इसलिए इन सब चीजों से दूर रहें। जो जरूरी काम हैं लोग उस पर फोकस करें। लोगों को बेरोजगारी के मुद्दे पर सवाल करना चाहिए। इस दौरान तेज प्रताप ने यह भी कहा, “मैंने महुआ विधानसभा में ऐलान कर दिया है। मैं महुआ में घूम रहा हूं। यहां के हर पंचायत में मेरा प्रोग्राम चल रहा है। मैं पहले भी वहां काम कर चुका हूं।”
चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे तेज प्रताप
पारिवारिक और निजी कारणों से राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने तेज प्रताप यादव को पार्टी से छह सालों के लिए निष्कासित कर दिया है। इसके बाद से ही तेज प्रताप अपने स्तर पर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में लगे हुए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेज प्रताप इस बार जनशक्ति जनता दल के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। बताया जा रहा है कि तेज प्रताप के करीबी बालेंद्र दास ने 2024 में इस पार्टी को बनाया था। सोमवार को जनशक्ति जनता दल को मान्यता मिलने के बाद तेज प्रताप चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। हालांकि उन्होंने इस बारे में अभी तक कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि महुआ विधानसभा सीट में कुछ लोगों का नाम मतदाता सूची प्रारूप से अपलोड नहीं किया गया है। इसी समस्या को लेकर मैं चुनाव आयोग आया था।
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व तेजस्वी यादव बिहार में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ कर रहे हैं। यात्रा के दूसरे दिन दोनों औरंगाबाद के देव सूर्य मंदिर से निकलकर अम्बा, कुटुंबा और रफीगंज होते हुए गया में पहुंच गए हैं। रविवार (17 अगस्त) को राहुल ने सासाराम में चुनाव आयोग और बीजेपी पर बड़े चुनावी घोटाले के आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने कहा कि नागरिकों के संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं और वे इसी की लड़ाई लड़ने यात्रा पर निकले हैं।

















