पंजाब पुलिस ने खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से हथगोले, पिस्तौल व कारतूस बरामद हुए हैं। पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि आतंकी किसी सरकारी इमारत या संस्थान को निशाना बनाने की फिराक में थे।
पंजाब पुलिस की सीआई ने ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोप स्थित संचालकों के निर्देश पर काम कर रहे बीकेआई के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया। वे ग्रेनेड का इस्तेमाल करके सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। काउंटर इंटेलिजेंस फिरोजपुर ने आईएसआई द्वारा समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल के एक सदस्य हरविंदर रिंदा द्वारा रची गई बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया।। आरोपियों के पास से दो हथगोले और एक बेरेटा 9 मिमी पिस्तौल, जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
संवेदनशील क्षेत्र होने के चलते पंजाब में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में सुरक्षा बढ़ाई गई है और राज्य हाई अलर्ट पर है। जगह-जगह नाकाबंदी कर वाहनों व आने जाने वालों की तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है। स्वतंत्रता दिवस को देखकर सीमा व सीमांत इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बरती जा रही है। खालिस्तानी आतंकी गुरपवंत पन्नू ने भी स्वतंत्रता दिवस पर गड़बड़ी फैलाने और मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दे रखी है।

















