रुद्रपुर: महापौर विकास शर्मा ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आवास विकास में स्मृति पार्क के निर्माण की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि नगर निगम रुद्रपुर द्वारा आवास विकास में भव्य ‘विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क’ का निर्माण कराया जाएगा। इस पार्क में विभाजन के सेनानियों के नाम की पट्टिकाएं लगाई जाएंगी, ताकि आने वाली पीढ़ियों के मन में उनकी स्मृति जीवित रह सके। महापौर ने कहा कि यह स्मृति पार्क महज एक संरचना नहीं होगी, बल्कि त्याग, बलिदान और साहस की गाथा का प्रतीक होगा, जो हमें एकता, सद्भाव और देशभक्ति के मूल्यों को संरक्षित करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
महापौर ने कहा कि विभाजन भारत के इतिहास का एक ऐसा अध्याय है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उस समय हमारे बुजुर्गों ने जो दर्द और पीड़ा झेली, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। लाखों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा, अनगिनत लोगों की जान चली गई और कई परिवार हमेशा के लिए बिछड़ गए। यह सिर्फ एक ऐतिहासिक घटना नहीं है, बल्कि एक मानवीय त्रासदी है जिसने पीढ़ियों को प्रभावित किया है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर प्रतिवर्ष 14 अगस्त को पूरे देश में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है, जो उन सभी लोगों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने उस समय अपने प्राणों की आहुति दी और अपना घर-परिवार छोड़ दिया। इस दिवस को मनाना न केवल अतीत को याद करने के लिए है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देने के लिए भी है कि ऐसी दर्दनाक दुर्घटनाएँ फिर न हों। उन्होंने कहा कि आगामी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसका शिलान्यास किया जाएगा।
















