श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, एक महत्वपूर्ण हिन्दू त्योहार है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। इस दिन लड्डू गोपाल (बाल रूप श्रीकृष्ण) को झूला झुलाया जाता है, उन्हें सजाया जाता है और विविध प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है। इस अवसर पर जो खास प्रसाद बनाया जाता है, वह है धनिया पंजीरी। धनिया पंजीरी न केवल भगवान को अर्पित करने के लिए बनती है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती है। खासकर व्रत के दौरान इसे खाया जाता है क्योंकि यह पाचन को दुरुस्त रखती है और ऊर्जा देती है। इसमें घी, सूखे मेवे, मिश्री और धनिया पाउडर का उपयोग होता है। यहाँ हम घर पर आसानी से धनिया पंजीरी बनाने की विधि आसान भाषा में बताएंगे-
धनिया पंजीरी बनाने की सामग्री- साबुत धनिया या धनिया पाउडर – 1 कप, घी- 3-4 बड़े चम्मच, मिश्री (पिसी हुई) – ½ कप (स्वादानुसार), काजू – 8-10 टुकड़े, बादाम – 8-10 टुकड़े, किशमिश – 2 बड़े चम्मच, मखाना – ½ कप, नारियल (कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल) – 2 बड़े चम्मच (वैकल्पिक), छोटी इलायची (पिसी हुई) – ½ छोटी चम्मच।
बनाने की विधि- अगर आपके पास धनिया पाउडर नहीं है और आप साबुत धनिया से बनाना चाहते हैं, तो सबसे पहले साबुत धनिया को हल्की आंच पर 4-5 मिनट तक भून लें। फिर इसे ठंडा करके मिक्सी में दरदरा पीस लें। इसे छान लें ताकि मोटे टुकड़े अलग हो जाएं। कढ़ाई में 1 चम्मच घी डालें और उसमें मखाने डालकर हल्का सुनहरा भून लें। निकालकर एक प्लेट में रखें। अब थोड़े-थोड़े करके काजू और बादाम भी भून लें। किशमिश को घी में थोड़ा सा फुलने तक भूनें। अब उसी कढ़ाई में थोड़ा और घी डालें। फिर धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक भूनें। ध्यान रखें कि इसमें जलन नहीं होनी चाहिए। जब इसकी खुशबू आने लगे और रंग थोड़ा बदल जाए, तो समझ जाएँ कि यह तैयार है। अब गैस बंद कर दें और धनिया पाउडर को थोड़ा ठंडा होने दें। फिर इसमें पिसी हुई मिश्री, भुने हुए सूखे मेवे, मखाने, नारियल और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। पंजीरी को एक साफ बर्तन में निकालें और भगवान को प्रेमपूर्वक अर्पित करें। आप चाहे तो तुलसी का पत्ता लगाकर भोग लगा सकते हैं।

















