आज के डिजिटल युग में ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में यह ज़रूरी हो गया है कि हम सभी सतर्क रहें और अपनी व्यक्तिगत जानकारियों का गलत इस्तेमाल होने से रोकें। कई बार ऐसा देखा गया है कि साइबर अपराधी यानी स्कैमर्स, किसी और की पहचान का इस्तेमाल कर लेते हैं। विशेष रूप से, वे किसी दूसरे व्यक्ति के आधार कार्ड का उपयोग करके सिम कार्ड निकलवा लेते हैं और फिर उन्हीं सिम कार्डों से फर्जीवाड़ा करते हैं। अगर कोई आपके आधार कार्ड की जानकारी का गलत इस्तेमाल करके सिम एक्टिवेट करवा लेता है, तो इससे आपके ऊपर मुसीबत आ सकती है। ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी हो जाता है कि आपके नाम और आधार कार्ड पर कितनी सिम कार्ड एक्टिव हैं और क्या वे आपके द्वारा या आपके परिवार वालों द्वारा इस्तेमाल की जा रही हैं या नहीं।
आप आसानी से यह जान सकते हैं कि आपके आधार नंबर से कितनी मोबाइल सिम कार्ड जुड़ी हुई हैं। इसके लिए आप tafcop.dgtelecom.gov.in वेबसाइट पर जाएं। फिर अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा दर्ज करें। इसके बाद प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करें। लॉगिन के बाद आपको उन सभी सिम की लिस्ट दिखेगी जो आपके आधार से जुड़ी हैं। अगर कोई नंबर आपकी जानकारी के बिना चालू है, तो आप उसी वेबसाइट से उसकी शिकायत भी दर्ज कर सकते हैं।
अगर कोई नंबर आपकी जानकारी में नहीं है तो क्या करें- इस लिस्ट में अगर कोई ऐसा मोबाइल नंबर दिखाई देता है जिसे आप नहीं जानते या जो आप या आपके परिवार में कोई भी इस्तेमाल नहीं कर रहा है, तो आप उसे रिपोर्ट कर सकते हैं। रिपोर्ट करने के लिए उस नंबर के सामने दिए गए विकल्प पर क्लिक करके उसे “This is not my number” या “Not required” के रूप में चिन्हित करें। रिपोर्ट करने के बाद आपको एक रिपोर्ट टिकट नंबर मिलेगा जिसे आप भविष्य के लिए संभाल कर रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें-
Indian Railway की बड़ी सौगात: रेलवे दे रहा 20% छूट का मौका, जानें कैसे उठाएं लाभ
एक आधार कार्ड पर कितनी सिम ली जा सकती हैं- भारत के सामान्य क्षेत्रों में एक व्यक्ति 9 सिम कार्ड तक ले सकता है। जबकि जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर राज्यों में यह सीमा केवल 6 सिम कार्ड की है। अगर कोई आपके नाम पर सिम निकालकर उसका गलत उपयोग करता है- जैसे बैंक फ्रॉड, कॉलिंग स्कैम या किसी अवैध गतिविधि के लिए तो कानूनी रूप से आपकी परेशानी बढ़ सकती है। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि आप समय-समय पर चेक करते रहें कि आपके आधार से जुड़े मोबाइल नंबर वही हैं जो आपके या आपके परिवार के द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं।















