जल प्रलय कस्बे धराली तक आज सड़क से आवागमन छोटी गाड़ियों के लिए बहाल हो गया। जिसके बाद राहत दलों के साथ साथ राष्ट्रीय मीडिया भी वहां पहुंच गया।
सीएम धामी ने किया स्थलीय निरीक्षण
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी , कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के नैठा बाजार, सैंजी गांव एवं बांकुड़ा क्षेत्र में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का जायजा लिया।
प्रभावितों से मुलाकात और त्वरित सहायता के निर्देश
इस दौरान आपदा राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित नागरिकों, माताओं बहनों से मिलकर उनका हाल चाल जाना। श्री धामी ने प्रभावितों के घरों में जाकर वहां के हालात का जायजा लिया और डीएम पौड़ी को तत्काल सरकारी मदद दिए जाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों को धैर्य और हौंसला बनाए रखने के लिए अनुरोध करते हुए कहा कि सरकार पूरी मदद करेगी।
आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश
सीएम धामी ने जिला प्रशासन को प्रभावितों को त्वरित राहत प्रदान करने एवं पेयजल, विद्युत, सड़क और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा हैं कि घरों, फसलों एवं पशुओं को हुए नुकसान का त्वरित आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि सहायता प्रक्रिया में कोई विलंब न हो।
बीआरओ ने किया मार्ग दुरुस्त
मुख्यमंत्री धामी ,केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बीती रात बी आर ओ के लेफ्ट जनरल रघु श्रीनिवासन के साथ बैठक कर आज हर हाल में बंद सड़कों को खोले जाने के लिए निर्देशित किया जिसके बाद आज सुबह से ही युद्ध स्तर पर भटवाड़ी से धराली और आगे गंगोत्री तक सड़क मार्ग को खोले जाने की कवायद शुरू हो गई। भटवाड़ी से धराली तक 12 किमी तक सड़क चार जगह से बह गई थी जिसपर आज बीआरओ ने काम करते हुए दिन में छोटे वाहनों के लिए आवाजाही खोल दी।
राहत पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टरों का प्रयोग
सड़क खोल दिए जाने के बाद दो दिन से रुके हुए मीडिया कर्मियों और आपदा प्रबंधन से जुड़े वाहनों को वहां से रवाना कर दिया गया। आज चिनुक हेलीकॉप्टरो द्वारा धराली में बड़े बड़े जनरेटर डीजल पेट्रोल राशन, जेसीबी को पहुंचाया गया। वापसी पर हेलीकॉप्टर्स के जरिए तीर्थ यात्रियों को गंगोत्री से जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक लाया गया।
लापता जवानों की तलाश जारी
जानकारी के मुताबिक धराली में राजपूताना राइफल्स के कैंप के बह जाने से कुछ जवान अभी लापता बताए जा रहे है जिनकी तलाश में खोजी कुत्ते और अन्य उपकरणों के साथ आर्मी के अधिकारी जवान लगे हुए है।
तीर्थ यात्रियों की सुरक्षित निकासी
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक आज शाम तक अथवा कल सुबह तक सभी तीर्थ यात्रियों को सकुशल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाएगा। हर्षिल से भी निजी हेलीकॉप्टरों के जरिए तीर्थ यात्रियों को निकाला गया है। धराली में अब सिर्फ मानव खोज का काम चल रहा है।
सीएम धामी का बयान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने प्रातः काल से देर रात तक राहत कार्यों की स्वयं मॉन्ट्रिंग की है। उन्होंने बताया कि लोगों से पूछताछ के लिए डीएम ने टीम लगाई है और लापता लोगों की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से भी दूर रहने को कहा है ,उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता के दुख दर्द के साथ खड़ी है। हर नागरिक की जानमाल की सुरक्षा करना हमारा कर्तव्य है।
सीएम धामी ने सेना, आईटीबीपी, एनडीआरफ , एसडीआरएफ और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार भी प्रकट किया कि उनके द्वारा उत्तराखंड के नागरिकों के लिए तीर्थ यात्रियों के लिए सेवा कार्य किया है।

















