उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ प्रयागराज जनपद में झारखंड के माफिया आशीष रंजन उर्फ छोटू के साथ मुठभेड़ हुई। मौके से ए.के—47 बरामद हुई है। वहीं सीतापुर जनपद में दो अपराधियों के साथ एसटीएफ की मुठभेड़ हुई। प्रयागराज जनपद में हुई मुठभेड़ में आशीष रंजन छोटू घायल हो गया जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि सीतापुर जनपद की मुठभेड़ में घायल हुए दोनों अपराधी ढेर हो गए।
खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने की घेराबंदी
प्रयागराज टीम को सूचना प्राप्त हुई कि कई हत्याओं का वांछित माफिया अपराधी आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह निवासी जे सी मल्लिक रोड, धनबाद, झारखंड अपने साथी के साथ शिवराजपुर चौराहा थाना शंकरगढ़ प्रयागराज के रास्ते प्रयागराज जाने वाला है जहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है।
मुठभेड़ के दौरान चली गोली, ए.के 47 से पुलिस पर हमला
इस सूचना पर प्रयागराज टीम द्वारा घेराबंदी कर शिवराजपुर चौराहा थाना शंकरगढ़ के नजदीक घेराबंदी का पकड़ने का प्रयास किया गया परंतु उसके द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से AK-47 और पिस्टल से फायर किया गया जिससे प्रयागराज एसटीएफ के जेपी राय, प्रभंजन व रोहित बाल-बाल बच गए।
आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई, छोटू घायल
आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में आशीष रंजन उर्फ छोटू को घायल होने के उपरांत जीवन रक्षा हेतु तत्काल नजदीकी अस्पताल में भेजा गया। मौके से एक AK-47 राइफल एवं 9 एमएम पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद हुई।
सीतापुर में दो इनामी बदमाश ढेर
उधर सीतापुर में बीती रात यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और सीतापुर पुलिस की संयुक्त टीम से थाना पिसावाँ क्षेत्र जनपद सीतापुर में बदमाशों से मुठभेड़ हुई है जिसमें दो बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को तत्काल उपचार हेतु सीएचसी रवाना कर दिया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान मौत
वहां से दोनों को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल सीतापुर के लिए रेफर किया गया। उपचार के दौरान दोनों बदमाश मृत घोषित हो गए। दोनों मृतक बदमाश की पहचान रिजवान और शकील ख़ान के रूप में हुई है।
पत्रकार हत्याकांड से जुड़े थे दोनों अपराधी
दोनों बदमाश सीतापुर से एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार राघवेंद्र वाजपेयी की सनसनीखेज हत्या के केस में वांछित चल रहे थे और एक-एक लाख का इनाम घोषित था।
रिजवान उर्फ राजू का क्रूर अपराध
उल्लेखनीय है कि बदमाश राजू उर्फ रिजवान ने 2006 में थाना लखीमपुर खीरी में उप निरीक्षक परवेज अली की धारदार हथियारों से काटकर हत्या करके सरकारी रिवाल्वर लूट लिया था।
शकील खान का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड
वर्ष 2011 में बदमाश शकील ख़ान ने थाना मचरहेता सीतापुर में देवी सहाय शुक्ल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दोनों पर हत्या, लूट और डकैती सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे।
















