कनाडा में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति का अनावरण किया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार (4 अगस्त) को ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र के मिसिसॉगा शहर में हिंदू हेरिटेज सेंटर में वैदिक मंत्रोच्चार, भजनों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रसाद वितरण के बीच भगवान राम की सबसे ऊंची 51 फीट मूर्ति का अनावरण किया गया। चबूतरे के साथ मिलकर यह मूर्ति 70 फीट से भी ऊंची है।
इस दौरान पूरे कनाडा से हजारों श्रद्धालुओं के साथ महिला एवं लैंगिक समानता मंत्री रेची ऐलीन वाल्डेज, ट्रेजरी बोर्ड के अध्यक्ष शफकत अली, अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री मनिंदर सिद्धू, हाउस ऑफ कॉमन्स में विपक्ष के नेता के साथ कई अधिकारी शामिल हुए। यह दिन हिंदू समुदाय के लिए ऐतिहासिक क्षण रहा।
भारत सरकार की ओर से टोरंटो में कार्यवाहक महावाणिज्यदूत कपिध्वज प्रताप सिंह इस समारोह में उपस्थित हुए। भारतीय-कनाडाई व्यवसायी लाज पराशर द्वारा दिए गए दान और हिंदू समुदाय के प्रयासों से मूर्ति का सफल अनावरण संभव हो पाया, जिसमें चार साल से अधिक का समय लगा।
It was an honour to join thousands in Streetsville to inaugurate the new 51 ft Shri Ram Statue, the largest in North America.
Thank you to Acharya Surinder Sharma Shastri Ji and Laj Prasher for celebrating Lord Ram’s legacy and cultural heritage of Ontario’s Hindu community. pic.twitter.com/F3nnhTwfrl
— Nina Tangri (@ninatangri) August 4, 2025
‘दिल्ली में बनी मूर्ति अयोध्या राम मंदिर से प्रेरित है’
फाइबरग्लास की यह मूर्ति दिल्ली में बनाई गई है। इसे बनाया है प्रसिद्ध मूर्तिकार नरेश कुमावत ने। स्टील के सुपरस्ट्रक्चर वाली फाइबरग्लास की मूर्ति को खास तरीके से डिजाइन किया गया है, जिससे इसे एक शताब्दी तक कुछ नहीं होगा। यह मूर्ति 200 किमी/घंटा तक की तेज हवा का भी सामना कर सकती है। प्रधान पुजारी आचार्य सुरिंदर शर्मा शास्त्री ने बताया कि यह मूर्ति अयोध्या के राम मंदिर से प्रेरित है।
आचार्य सुरिंदर ने आगे कहा, “यह मूर्ति केवल एक भौतिक संरचना नहीं है। यह भगवान राम के आदर्शों, सत्य, धर्म और कर्तव्य का प्रतीक है, जिसे आधुनिक बहुसांस्कृतिक समाज में जीवंत किया गया है।”
‘प्रतिमा का उद्घाटन करना मेरे लिए सम्मान की बात’
वहीं, मिसिसॉगा-स्ट्रीट्सविले की एमपीपी ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “स्ट्रीट्सविले में हजारों लोगों के साथ मिलकर उत्तरी अमेरिका की सबसे बड़ी 51 फुट ऊंची श्री राम प्रतिमा का उद्घाटन करना मेरे लिए सम्मान की बात है। आचार्य सुरिंदर शर्मा शास्त्री जी और लाज पराशर को भगवान राम की विरासत और ओंटारियो के हिंदू समुदाय की सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाने के लिए धन्यवाद।”












