पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनौती देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहां 28 साल की बांग्लादेशी मॉडल और अभिनेत्री, शांता पॉल, को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से भारतीय 2 आधार कार्ड, वोटर आईडी और राशन कार्ड जैसे दस्तावेज बरामद हुए हैं, जो संदेह के घेरे में हैं। यह घटना उस समय चर्चा में आई जब कोलकाता पुलिस ने उनके दक्षिण कोलकाता के किराए के फ्लैट पर छापा मारा। शांता, जो बांग्लादेश में मॉडलिंग और अभिनय के लिए जानी जाती हैं, 2023 से कोलकाता में रह रही थीं
क्या है पूरा मामला?
पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन की टीम ने शांता पॉल को उनके जादवपुर, बिजॉयगढ़ स्थित किराए के फ्लैट से गिरफ्तार किया। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि शांता के पास भारतीय पहचान पत्र हो सकते हैं। छापेमारी के दौरान, पुलिस ने उनके पास से दो आधार कार्ड (एक कोलकाता और दूसरा बर्दवान का), बांग्लादेशी पासपोर्ट, रीजेंट एयरवेज की कर्मचारी आईडी और ढाका की सेकेंडरी एजुकेशन की एडमिट कार्ड बरामद की। पुलिस के अनुसार, बर्दवान का आधार कार्ड 2020 में जारी हुआ था। शांता ने हाल ही में ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की थी, जिसमें उन्होंने एक अलग पता बताया था, जिससे पुलिस को उनके बार-बार पते बदलने का शक हुआ।
पुलिस की जांच और संदेह
पुलिस ने शांता से पूछताछ की, लेकिन वह भारतीय दस्तावेजों के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। जांच में पता चला कि शांता ने भारत में कई शहरों की यात्रा की थी और एक ऐप-कैब व्यवसाय से भी जुड़ी थीं, जिसके कारण वह पुलिस की नजर में आईं। पुलिस को शक है कि यह एक बड़े रैकेट का हिस्सा हो सकता है, जो फर्जी दस्तावेज बनाकर बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय पहचान पत्र मुहैया कराता है। कोलकाता पुलिस ने यूआईडीएआई, निर्वाचन आयोग और राज्य खाद्य विभाग से संपर्क किया है ताकि इन दस्तावेजों की वैधता की जांच की जा सके।
शांता का बैकग्राउंड और अन्य जांच
शांता पॉल बांग्लादेश के बरिसाल की रहने वाली हैं और वहां कई मॉडलिंग प्रतियोगिताएं जीत चुकी हैं। उन्होंने 2019 में केरल में मिस एशिया ग्लोबल प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था। मीडिया में दिए पुराने इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया था कि वह बंगाली और तेलुगु फिल्मों में काम कर रही हैं। पुलिस उनके पति, जो आंध्र प्रदेश के रहने वाले हैं, और उनके माता-पिता, जो उनके साथ कोलकाता में रह रहे थे, से भी पूछताछ कर रही है। एक पुरुष साथी से भी सवाल-जवाब किए जा रहे हैं, हालांकि उसके खिलाफ अभी कोई सबूत नहीं मिला है। शांता को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उन्हें 8 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

















