देहरादून: पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग किन्नरों के वेश में पटेल नगर थाना क्षेत्र के साईं लोक कॉलोनी, झींवरहेड़ी, शिमला बाईपास रोड, देहरादून में एक नवनिर्मित मकान के गृह प्रवेश के अवसर पर बधाई देने आए हैं।
सूचना मिलने पर चौकी नया गांव से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही किन्नरों के वेश में तीन व्यक्ति मौके से फरार हो गए तथा ढोल लेकर जा रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम यासीन पुत्र रोशन अली निवासी माई का तकिया, सराय मेहंदी, थाना कुतुबशेर, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश, उम्र 32 वर्ष बताया।
देहरादून एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने बताया कि वह अपने तीन अन्य साथियों के साथ, जिनमें से 02 लड़के किन्नरों के वेश में थे, साईं लोक कॉलोनी में एक नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश की बधाई मांगने आए थे। आसपास के लोगों को जब उन पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। आरोपी व उसके साथियों ने उक्त घर से बधाई के नाम पर पैसे लेने का प्रयास किया था। आरोपियों के साथियों के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि वे भी मुसलमान थे।

















