रूस में मंगलवार सुबह 8.7 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया। यह भूकंप समुद्र के भीतर आया और हाल के दशकों का सबसे तेज झटका बताया जा रहा है। इसके बाद 5.4 से 6.9 तीव्रता तक के कई झटके महसूस किए गए। प्रशांत महासागर से लगे कई देशों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। तटीय क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
सुनामी की चेतावनी- भूकंप के तुरंत बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कई देशों के लिए चेतावनी जारी की। चेतावनी के अनुसार, रूस और इक्वाडोर के कुछ तटीय इलाकों में 3 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। जापान, अमेरिका, न्यूजीलैंड, फिलीपींस, चिली, हवाई और सोलोमन द्वीप समूह जैसे क्षेत्रों में भी समुद्री लहरों के कारण खतरे की आशंका जताई गई है। जापान सरकार ने टोक्यो खाड़ी सहित कई तटीय क्षेत्रों में सुनामी चेतावनी जारी की है और इसे एडवाइजरी से बढ़ाकर चेतावनी स्तर तक पहुंचा दिया गया है। सरकार ने नागरिकों को तटीय इलाकों को तुरंत खाली करने के आदेश दिए हैं। लहरों की ऊंचाई 1-3 मीटर के बीच होने की संभावना है।
न्यूजीलैंड और फिलीपींस की प्रतिक्रिया- न्यूजीलैंड की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने कहा है कि उनके तटीय इलाकों में असामान्य और तेज समुद्री धाराएं देखी जा सकती हैं। फिलहाल वहां निकासी की जरूरत नहीं बताई गई है, लेकिन लोगों से समुद्र तटों से दूर रहने को कहा गया है। फिलीपींस की भूकंपी मापने वाली एजेंसी ने कहा है कि वहां एक मीटर से कम ऊंची लहरें आ सकती हैं। लोगों को समुद्र के किनारे से दूर रहने की सलाह दी गई है।
हवाई और अमेरिका में अलर्ट- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रशांत महासागर में आए इस भीषण भूकंप के बाद हवाई और अमेरिका के प्रशांत तटीय इलाकों के लिए चेतावनी जारी की गई है। हवाई में सायरन बजाकर लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। अलास्का और अन्य क्षेत्रों में भी सुनामी वॉच जारी किया गया है। इन सभी चेतावनियों के बीच कई देशों के तटीय क्षेत्रों में लोग सतर्क हो गए हैं। हवाई में लोग ऊंचे इलाकों की ओर जाने लगे हैं और न्यूजीलैंड में तटीय इलाकों में सावधानी बरती जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को संयम बनाए रखने और सरकारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।













