मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में पहले से लागू धर्मांतरण कानून को और सख्त बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए गृह मंत्रालय ने अन्य राज्यों में बने कानूनों की समीक्षा शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि देवभूमि में लाया जाने वाला नया धर्मांतरण कानून और भी सख्त होगा।
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सीमांत राज्य होने के साथ-साथ सनातन की पावन भूमि भी है। इसलिए यहां की जनसांख्यिकी को बदलने के किसी भी प्रयास को सख्ती से रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को ऐसी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए। धर्मांतरण के जाल में फंसे लोगों को उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं को देखते हुए धर्मांतरण कानून को और सख्त बनाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाने चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऑपरेशन कालनेमि भी ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने में सफल रहा है।
इस अभियान को आगे बढ़ाने की जरूरत है, इसलिए इसकी निगरानी के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर पर एक एसआईटी का गठन किया जाना चाहिए। उधर, गृह विभाग के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने बाहरी लोगों के वेरिफिकेशन डाटा के लिए ऐप बनाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

















