IRCTC यानी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन भारत सरकार की एक वेबसाइट है, जो यात्रियों को ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुकिंग, खानपान सेवाएं और टूर पैकेज जैसी सुविधाएं देती है। इसकी शुरुआत वर्ष 2002 में हुई थी और आज यह करोड़ों यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी प्लेटफॉर्म बन चुका है।
IRCTC की मदद से आप घर बैठे ट्रेन की टिकट बुक कर सकते हैं, खाना ऑर्डर कर सकते हैं और देश-विदेश की यात्राओं के लिए टूर पैकेज भी देख सकते हैं। समय के साथ IRCTC ने अपनी सेवाओं को और भी बेहतर बनाया है। टिकट एजेंटों की मनमानी को रोकने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं, जिससे आम लोगों के लिए टिकट बुक करना और आसान हो गया है। हालांकि, कभी-कभी ऐसा होता है कि लोग अपना यूजरनेम या पासवर्ड भूल जाते हैं, जिससे वेबसाइट पर लॉगिन करने में दिक्कत आती है। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है, क्योंकि आप IRCTC वेबसाइट पर पासवर्ड को बहुत ही आसानी से रीसेट कर सकते हैं। अगर आप भी पासवर्ड भूल गए हैं और दोबारा लॉगिन नहीं कर पा रहे हैं, तो नीचे बताए गए आसान स्टेप्स को ध्यान से पढ़ें और फॉलो करें-
- सबसे पहले अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर पर कोई इंटरनेट ब्राउज़र खोलें और उसमें www.irctc.co.in टाइप करें। वेबसाइट खुलने पर ऊपर दाईं ओर तीन लाइन वाला मेन्यू आइकन दिखेगा। उस पर क्लिक करें। अब आपको लॉगिन का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करें। लॉगिन बॉक्स के नीचे आपको “Forgot Account Details?” लिखा दिखेगा। इस पर क्लिक करें।
- नया पेज खुलने पर अपना IRCTC यूजरनेम या रजिस्टर्ड ईमेल और कैप्चा भरें। फिर Next बटन पर क्लिक करें। अब IRCTC आपके मोबाइल नंबर या ईमेल पर एक OTP भेजेगा, जो कुछ सेकंड में आ जाएगा।
- OTP डालने के बाद, आपको नया पासवर्ड चुनना होगा। ध्यान रखें कि पासवर्ड मजबूत (Strong) होना चाहिए, जिसमें अक्षर, संख्या और विशेष चिन्ह (जैसे @, #, $ आदि) शामिल हों। दोबारा से एक और कैप्चा भरें। सारी जानकारी भरने के बाद नीचे दिख रहे ‘Update Password’ (पासवर्ड अपडेट करें) बटन पर क्लिक करें। इतना करते ही आपका नया पासवर्ड सेट हो जाएगा और आपके मोबाइल नंबर या ईमेल पर एक कन्फर्मेशन मैसेज आ जाएगा कि पासवर्ड सफलतापूर्वक बदल दिया गया है। अब आप IRCTC की वेबसाइट के होम पेज पर जाएं, और अपना यूजरनेम और नया पासवर्ड डालकर आसानी से लॉगिन करें।
यह भी पढ़ें-
भूकंप आने से पहले मिलेगा अलर्ट, बस अपने फोन में ऑन करें यह सेटिंग











