मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के दादरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब पता चला कि एक युवक कासिम, जो एक विशेष समुदाय से है, गांव के प्राचीन मंदिर में पुजारी बनकर रह रहा था। वह कुछ समय से मंदिर में पूजा-पाठ कर रहा था और खुद को पुजारी बता रहा था। जब उसकी असली पहचान सामने आई, तो ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और विवाद की स्थिति बन गई।
हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन- घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार को हिंदू संगठनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मंदिर पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही ने किया। उनके साथ दर्जनों संगठनों के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुंचे। लोगों ने इस घटना को हिंदू धर्म और आस्था के साथ गंभीर खिलवाड़ बताया। प्रदर्शनकारियों ने सबसे पहले मंदिर परिसर का शुद्धिकरण किया। गंगाजल से पूरे मंदिर क्षेत्र को पवित्र किया गया और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि यह केवल किसी धर्म का अपमान नहीं है, बल्कि यह समाज में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास भी है। हिंदू संगठनों के मुताबिक, मंदिरों की पवित्रता को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी व्यक्ति को धार्मिक भावनाओं से खेलने का अधिकार नहीं है। घटना के बाद स्थानीय पुलिस तत्काल हरकत में आई और युवक कासिम को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि अभी जांच शुरुआती चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्यवाही की जा रही है। गांव की स्थिति को देखते हुए किसी भी संभावित तनाव या हिंसा की आशंका से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है और किसी प्रकार की हिंसक घटना की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें-
मेरठ: हिंदू बताकर शिव मंदिर में बना पुजारी, असल में निकला मौलवी का बेटा मोहम्मद कासिम; हुआ गिरफ्तार
प्रशासन की अपील- प्रशासन ने भी इस मामले में बयान जारी करते हुए कहा है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी जांच की जा रही है। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही लोगों से यह भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।

















