PM Kisan Yojana: देशभर में 9 करोड़ से ज्यादा किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े हैं। इसमें हर किसान को सालाना 6000 रुपये मिलते हैं, जो हर चार महीने में 2000 रुपये की तीन किस्तों में दिए जाते हैं। अभी किसानों को इस योजना की 20वीं किस्त का बेसब्री से इंतजार है।
हाल ही में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को जारी की गई थी। उसके बाद से 4 महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक 20वीं किस्त किसानों के खाते में नहीं आई है। इसलिए किसान इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि उन्हें अगली किस्त कब मिलेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी 2 अगस्त को वाराणसी जाएंगे और उसी दिन या उसके आस-पास 20वीं किस्त दी जा सकती है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि पिछले साल भी प्रधानमंत्री मोदी ने खरीफ सीजन के दौरान वाराणसी से ही 17वीं किस्त जारी की थी। इसलिए इस बार भी 2 अगस्त के आसपास किसानों के खाते में 2000 रुपये की किस्त आने की संभावना है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें-
किसानों को योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी बातें ध्यान में रखनी चाहिए। सबसे पहले अपना ई-केवाईसी पूरा करवा लें, क्योंकि बिना ई-केवाईसी के किस्त बैंक खाते में नहीं आएगी। साथ ही अपना बैंक अकाउंट आधार कार्ड से लिंक जरूर करवा लें। अगर बैंक अकाउंट आधार से लिंक नहीं होगा तो ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है और आपकी मदद नहीं पहुंच पाएगी। इसके अलावा, DBT यानी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर ऑप्शन को ऑन रखना भी जरूरी है। यही ऑप्शन सुनिश्चित करता है कि पैसा सीधे आपके बैंक खाते में पहुंचे। बैंक डिटेल्स जैसे आपका नाम, अकाउंट नंबर और IFSC कोड सही होना बहुत आवश्यक है। अगर इनमें कोई गलती होगी तो भी ट्रांजैक्शन फेल हो सकता है।
एक और जरूरी बात यह है कि पीएम किसान योजना की लाभार्थी लिस्ट में अपना नाम पहले ही चेक कर लें। अगर आपके नाम की लिस्ट में मौजूदगी नहीं है, तो आपको इस योजना के तहत कोई पैसा नहीं मिलेगा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का मकसद छोटे और सीमांत किसानों की आर्थिक मदद करना है, ताकि वे अपनी खेती-बाड़ी अच्छे तरीके से कर सकें और उनकी जीवन गुणवत्ता बेहतर हो। इस योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता किसानों के लिए काफी मददगार साबित होती है, खासकर खेती के जरूरी खर्चों को पूरा करने में।














