हरियाणा

13 साल की बच्ची का 45 साल के शख्स से निकाह, FIR दर्ज, आरोपी फरार

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में एक 13 साल की बच्ची का निकाह 45 साल के रज्जाक नाम के व्यक्ति से करवा दिया गया।

Published by
Mahak Singh

हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में एक 13 साल की बच्ची का निकाह 45 साल के रज्जाक नाम के व्यक्ति से करवा दिया गया। रज्जाक पहले से दो बार शादी कर चुका है और उसके पांच बच्चे हैं। उसकी पहली पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है और दूसरी पत्नी अभी भी उसके साथ रहती है। बच्ची की माँ की पहले ही मौत हो चुकी है। उसके पिता को नशे की लत है और उन्होंने दूसरी शादी कर ली है।

पहली पत्नी से उसकी दो बेटियाँ हैं और दूसरी पत्नी से चार बेटे। लड़की के पिता ने नशे के बदले में, रज्जाक से स्थानीय मदरसे में अपनी नाबालिग बेटी का निकाह करवा दिया। इसके बाद उसने परिवार से कहा कि बेटी अपनी बुआ के घर गई है। असलियत तब सामने आई जब रज्जाक की पहली पत्नी लड़की के घर आई और बताया कि रज्जाक लड़की को अपने साथ लेकर चला गया है। लड़की के चाचा ने फिरोजपुर झिरका थाने में शिकायत दी है कि उनकी भतीजी सिर्फ 13 साल की है और कानून के अनुसार इतनी कम उम्र में निकाह नहीं हो सकता। उन्होंने बताया कि रज्जाक गांव में नशा करता और सप्लाई करता है। उसने लड़की के पिता को नशे का लालच देकर बेटी से निकाह के लिए मना लिया। परिजनों ने बताया कि करीब एक महीने पहले महू चोपड़ा गांव के मदरसे में रज्जाक ने मौलवी की मदद से नाबालिग लड़की से निकाह किया और तब से वह फरार है। उन्होंने खुद उसे ढूंढने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। उन्हें डर है कि रज्जाक लड़की को नुकसान पहुँचा सकता है।

जब परिजनों ने रज्जाक से फोन पर बात की तो उसने निकाह की बात कबूल की और एक वीडियो भेजा जिसमें मौलवी निकाह पढ़ता दिख रहा है। अब परिजनों की मांग है कि न सिर्फ रज्जाक, बल्कि मौलवी और निकाह में शामिल गवाहों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई हो। फिरोजपुर झिरका थाने के जांच अधिकारी एसआई देवेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस गांव गई थी और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share

Recent News