उत्तराखंड ब्यूरो । हरिद्वार सनातन नगरी में शिव गंगा के प्रति आस्था का पावन गंगा जल लेने आने वाले करोड़ों कांवड़ियों के स्वागत के लिए धामी सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। धामी सरकार ने प्लास्टिक मुक्त गंदगी मुक्त कांवड़ मेले का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार पहुंच कर कांवड़ यात्रा के तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यात्रा के सफल संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने के साथ ही आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी तैयारियों को वृहद स्तर पर किया जाए जिससे ये अनुभव आगामी कुंभ मेले में भी काम आए। उन्होंने कहा कि ग्रीन और क्लीन कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार, रुड़की, ऋषिकेश और आसपास के 30 किमी के दायरे में हर 1-2 किमी पर मोबाइल टॉयलेट, पानी, कूड़ा निस्तारण के लिए विशेष गाड़ियों की तैनाती की जाए।
सीएम धामी ने हर 5 किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र, एम्बुलेंस और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और अधिकारियों को उत्तराखंड कांवड़ सेवा ऐप बनाने के भी निर्देश दिए हैं, जिसमें कांवड़ियों को सभी सुविधाएं डिटेल में उपलब्ध कराई जाए।
यह भी पढ़ें – उत्तराखंड में अब तक 537 अवैध मजारों पर चला धामी सरकार का बुल्डोजर
सीएम धामी ने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों और होटलों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन कराने के साथ ही फूड लाइसेंस और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से डिस्प्ले की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि यात्रा नियमों और सुचिता का पूरी तरह से पालन हो।
उन्होंने कांवड़ के दौरान ट्रैफिक की ड्रोन और एआई टेक्नोलॉजी की मदद से मॉनिटरिंग की जाने की भी जरूरत जताई। इसके साथ ही टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी क्षेत्र में भी यात्रा मार्ग पर लैंड स्लाइड जोन क्षेत्र में अतिरिक्त सावधानी बरती जाए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कांवड़ यात्रा के दौरान भ्रामक खबर फैलाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाए, इसके लिए सोशल मीडिया की भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए। सीएम धामी ने कांवड़ियों से भी निवेदन किया कि वे भक्ति का परमपरागत सांस्कृतिक स्वरूप बनाए रखे और श्रद्धा भाव से कांवड़ यात्रा को प्रारम्भ करें।
अर्द्ध सैनिक दस्तों की होगी तैनाती
सीएम धामी ने डीजीपी दीपम सेठ को आंतरिक सुरक्षा की दृष्टि से अर्ध सैनिक बलों की तैनाती करने की भी अपेक्षा जताई और कहा कि राज्य में कांवड़ियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी हमारी है।
फूलों की होगी हेलीकॉप्टर से वर्षा
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा हर साल हमने सनातनियों कांवड़ियों के स्वागत में पलके बिछाई है, इस बार भी हमारी सरकार और वे स्वयं शिव भक्तों के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, गंगा शिव भक्तों का स्वागत हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के साथ किया जाएगा और शिव भक्ति संगीत के कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने कहा कि हम देवभूमि के निवासी है शिव शक्ति गंगा हमारे आराध्य है।














