परिवार से तनाव और पार्टी से छह वर्षों के लिए निष्कासन के बाद लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव बाबा विश्वनाथ के शरण में पहुंचे थे। यहां भी उनकी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में शूट किया तेज प्रताप यादव का एक रिल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हुआ। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित क्षेत्र के वीडियो के संबंध में जांच के आदेश दे दिए गए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तथा विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से एक राजनैतिक व्यक्ति द्वारा श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के रेड जोन में बनाए गए वीडियो का विषय मंदिर प्रशासन के संज्ञान में आया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पवित्रता और व्यवस्था बनाए रखना मंदिर प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा संबंधी उत्तरदायित्व का निर्वहन मंदिर प्रशासन सीआरपीएफ एवं पुलिस विभाग के सहयोग से करता है।
इस संदर्भ में, मंदिर प्रशासन ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और स्थानीय पुलिस प्रशासन को जांच के लिए सूचना प्रेषित की गई है। साथ में जिम्मेदार व्यक्ति जो भी शामिल हो कार्रवाई को भी कहा गया है।
दोनों जांच एजेंसी से यह अनुरोध किया गया है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि मंदिर परिसर में निर्धारित नियमों एवं दिशानिर्देशों का पूर्ण पालन हो। दोनों सुरक्षा एजेंसी की जांच में सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की सत्यता की पुष्टि भी की जाएगी तथा यदि कोई कार्मिक दोषी है तो उसका चिन्हांकन भी किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों या कार्मिकों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।











