आजमगढ़ । उत्तर प्रदेश में माफियाओं और अपराधियों पर पुलिस – प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मजिस्ट्रेट के आदेश पर आजमगढ़ में सपा विधायक और IS – 133 गैंग के लीडर रमाकांत यादव की अपराध से अर्जित की गई 53 बीघा जमीन कुर्क की गई। पुलिस के मुताबित इसकी कीमत 23 करोड़ 42 लाख रुपए बताई जा रही हैं। जिला मजिस्ट्रेट रविन्द्र कुमार के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट के तहत अतरौलिया थाना क्षेत्र के बसही असरफपुर गांव की भूमि पर कार्रवाई की गई। रमाकांत यादव 2022 में हुए शराब कांड का भी आरोपी है।
एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि वर्ष 2022 में थाना अहरौला क्षेत्र के माहुल कस्बे में अपमिश्रित शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई थी। घटना में मुख्य आरोपी रमाकांत यादव समेत 13 लोगों के नाम सामने आए थे। इस घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने गैंग चार्ट मंजूर किया था। जिसमें रमाकांत यादव समेत चार अपराधियों का नाम शामिल किया गया। रमाकांत यादव ने गिरोह बनाकर अवैध शराब निर्माण, लूट, हत्या और अपहरण जैसे जघन्य अपराधों से आर्थिक लाभ और संपत्ति अर्जित किया।
राजस्व विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रमाकांत यादव ने अपने बेटे अरुण, वरुण, ऋषिकांत, रजनीकांत व दो भांजे के नाम पर संपत्तियां अर्जित की। इसकी कीमत 23 करोड़ 42 लाख रुपए आंकी गई है। छह गाटों की जमीन की कुर्की के दौरान डुगडुगी पिटवाई गई। फूलपुर, अतरौलिया और अहरौला थाना प्रभारियों संग ग्रामीण पुलिस अधीक्षक चिराग जैन और तहसीलदार कमल कुमार सिंह के नेतृत्व में कुर्की की कार्रवाई की गई। रमाकांत यादव वर्तमान में फतेहगढ़ जेल में निरुद्ध है।










