जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार (8 जून) को ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का 26वां संस्करण आयोजित किया गया। इस आयोजन में करीब 1000 साइकिल चालकों और फिटनेस प्रेमियों ने भाग लिया। भारतीय रेलवे के विशेष साझेदारों के सहयोग से आयोजित किए गए इस कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेत्री मधुरिमा तुली, अंतरराष्ट्रीय पहलवान अनिरुद्ध कुमार और पर्वतारोही नरेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस खास अवसर पर अभिनेत्री मधुरिमा तुली को ‘फिट इंडिया आइकन’ के रूप में सम्मानित किया गया। मधुरिमा ‘बेबी’ फिल्म में अक्षय कुमार के साथ काम कर चुकी हैं। वह राज्य स्तरीय ट्रैक एवं फील्ड एथलीट और हर्डल रेस धाविका भी रह चुकी हैं।
सम्मान मिलने पर आभार व्यक्त करते हुए मधुरिमा ने कहा, “मैं यहां आकर गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। साइकिल चलाना मेरे बचपन का शौक रहा है। हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने मोटापे को लेकर जो चिंता व्यक्त की है, वह बिल्कुल सही है। यह कई बीमारियां लेकर आता है। साइक्लिंग एक किफायती और स्वतंत्रता देने वाला है। यह आपको मानसिक रूप से भी स्वस्थ रखता है।”
ये साइकिलिंग अभियान खेलो इंडिया सेंटर (केआईसी), खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (केआईएससीई), साई ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी), खेलो इंडिया मान्यता प्राप्त अकादमियों (केआईएए), क्षेत्रीय केंद्रों (आरसी), राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों (एनसीओई) और देश भर में 2600 से अधिक साइकिलिंग क्लबों द्वारा आयोजित किया गया। वहीं, भारतीय रेलवे के कर्मचारियों और अधिकारियों की भागीदारी ने इस अभियान को सफल बनाया।

2024 एशियाई अंडर-23 और अंडर-17 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके अंतरराष्ट्रीय पहलवान अनिरुद्ध कुमार ने कार्यक्रम में इस पहल को देश के युवाओं के लिए बहुत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, ”साइक्लिंग से मेरी पुराना नाता है। इससे स्टैमिना, ताकत बढ़ती है और मोटापा कम करने में मदद मिलती है। आज युवाओं को इस तरह फिटनेस अपनाते हुए देखना बहुत अच्छा लगता है।”
पर्वतारोही नरेंद्र कुमार, जो अब यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस की चढ़ाई की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का आह्वान भारत के हर कोने तक पहुंच गया है। युवाओं का प्यार और ऊर्जा इस अभियान को आगे बढ़ा रही है।”
बता दें कि दिसंबर 2024 में शुरू किया गया ‘फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल’ अभियान देश भर में 10,000 से अधिक स्थानों पर 3.5 लाख से ज्यादा लोगों को जोड़ चुका है। इसकी शुरुआत मात्र 150 साइकिल चालकों से हुई थी और छह महीने के भीतर इसमें भाग लेने वालों की संख्या बढ़ गई। इसमें CISF, सशस्त्र बलों, मेडिकल एसोसिएशनों, पत्रकारों, शिक्षकों, कॉर्पोरेट्स, सेलेब्रिटीज और अन्य पेशेवरों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।












