नागपुर/नई दिल्ली । 5 जून को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ता विकास वर्ग – 2, नागपुर में एक उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने ऐतिहासिक रूप से पहली बार दौरा किया। यह संघ के संगठनात्मक प्रशिक्षण वर्ग में किसी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की पहली आधिकारिक उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं संघ के सरसंघचालक जी ने की, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं जनजातीय अधिकारों के प्रखर स्वर अरविंद नेताम जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल में अमेरिका की राजनीति, रणनीति और नीति निर्माण के प्रमुख चेहरों शामिल थे-
कांग्रेसमैन बिल शस्टर – अमेरिका के प्रतिनिधि सभा के पूर्व सदस्य और ट्रांसपोर्ट व इंफ्रास्ट्रक्चर कमिटी के पूर्व चेयरमैन, जो द्विदलीय आधार पर अमेरिका के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
बॉब शस्टर – वन+स्ट्रैटेजीज़ के संस्थापक भागीदार और कानून एवं सरकारी मामलों के अनुभवी विशेषज्ञ, जिनका दशकों का अनुभव अमेरिकी संघीय नीति निर्माण, विशेषकर टेक्नोलॉजी और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में है।
ब्रैडफोर्ड एलिसन – पब्लिक पॉलिसी विशेषज्ञ और हावर्ड लॉ विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र, जो अमेरिकी विदेश नीति और संसदीय प्रक्रिया में गहन रूप से सक्रिय रहे हैं।
वाल्टर रसेल मीड – विख्यात विद्वान, विदेश नीति विश्लेषक और वॉल स्ट्रीट जर्नल के स्तंभकार, जो धर्म, भू-राजनीति और अमेरिकी रणनीति पर अपने विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं।
बिल ड्रेस्कल – हडसन इंस्टीट्यूट के फेलो, जो भारत-अमेरिका संबंधों, तकनीकी नीति और रणनीतिक मामलों पर केंद्रित हैं। उनकी विश्लेषणात्मक रचनाएं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रकाशित होती रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने संघ के कार्यकर्ताओं और प्रशिक्षणार्थियों से सीधे संवाद किया तथा संघ की जमीनी विकास मॉडल, राष्ट्र निर्माण में भूमिका और स्वयंसेवकों द्वारा संचालित सामाजिक कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की। इस संवाद के दौरान लोकतंत्र, आत्मनिर्भरता और सांस्कृतिक पहचान जैसे साझा मूल्यों पर भी चर्चा हुई।
RSS कार्यकर्ता विकास वर्ग में अमेरिकी प्रतिनिधियों की यह भागीदारी न केवल सभ्यतागत संवाद की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह लोगों के बीच सीधे संवाद (people-to-people diplomacy) की भावना को भी दर्शाता है।
















