क्या मार्च 2026 तक 500 रुपये के नोट बंद हो जाएंगे? इसको लेकर यूट्यूब पर फेक न्यूज फैलाई जा रही है। प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) के फैक्ट चेक में इसका खुलासा हुआ है। दरअसल, ‘CAPITAL TV’ नाम के यूट्यूब चैनल में यह दावा किया गया है कि आरबीआई 500 रुपये के नोट को मार्च 2026 तक बंद कर सकता है। पीआईबी ने मंगलवार (3 जून 2025) को अपने फैक्ट चेक में इस वीडियो को झूठा पाया। पीआईबी के अनुसार, आरबीआई ने इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। 500 रुपये के नोट बंद नहीं किए जाएंगे। ये वैध मुद्रा बना रहेगा। ऐसी गलत सूचनाओं पर विश्वास न करें। किसी खबर पर विश्वास करने या उसे शेयर करने से पहले हमेशा आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि करें।
ध्यान दें कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा कहा जा रहा है कि आरबीआई ने जिस तरह 2000 रुपये के नोटों की छपाई बंद कर दी है, उसी तरह अब 500 रुपये के नोट को बंद करने की तैयारी है। सरकार भष्ट्राचार को रोकने के लिए 500 रुपये के नोट को बंद कर सकती है। सरकार डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने और ब्लैक मनी की पहचान के लिए बड़े नोटों को बंद कर सकती है। हालांकि, पीआईबी के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट हो गया है कि 500 रुपये के नोट बंद नहीं किए जाएंगे। ऐसे में भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें।











