चमोली: बीते दो दिनों से उत्तराखंड के हिमालय क्षेत्र में बारिश बर्फबारी की खबरे आ रही है। सिक्खों के तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे परिसर के आसपास भारी बर्फबारी होने की खबरे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात बद्रीनाथ केदारनाथ धाम में भी बारिश हुई है। लेकिन, अचरज कर देने वाली बात श्री हेमकुंड साहिब क्षेत्र में भारी बर्फबारी होने को लेकर है। जून माह में ऐसी बर्फबारी बरसों के बाद देखने में आई है। हिमपात होने की वजह से तीर्थ यात्रियों को फिलहाल घांघरिया में ही रोक दिया गया है। गोविंद घाट पर भी यात्री रुके हुए हैं। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मौसम साफ होने पर ही गुरुद्वारे तक जाने के लिए श्रद्धालुओं को हिदायत दी है।
पूरे उत्तराखंड में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश हुई है। हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी होने के समाचार है। मौसम विभाग ने इस बार मानसून 5 दिन पहले आने का अनुमान जताया है, उससे पूर्व लोकल रेंस व्यापक रूप से होने की बात भी कही जा रही है।
कल फूलों की घाटी भी पर्यटकों के लिए खोल दी गई है, लेकिन वहां भी हिमपात होने से पर्यटकों को सचेत किया गया है। वन विभाग ने पूर्व की तरह घाटी में घोड़ा खच्चर आदि ले जाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। यहां पर्यटक पैदल ही भ्रमण कर सकेंगे और किसी भी प्रकार से वनस्पति को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।

















