भारत

Operation Sindoor: भारत की सेना की धमक रावलपिंडी तक सुनी गई: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर में केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। भारत की सैन्य कार्रवाई ने पाकिस्तान के रावलपिंडी तक अपनी ताकत दिखाई।

Published by
कुलदीप सिंह

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि भारतीय सेनाओं ने ऑपरेशन सिंदूर को पाकिस्तान के अंदर मौजूद आतंकी ढांचे को ध्वस्त करने के उद्देश्य से लॉन्च किया था। इसके साथ ही उन्होंने पाकिस्तान के उन आरोपों का खंडन भी किया, जिसमें उसने कहा था कि भारत ने उसके नागरिकों को निशाना बनाया है। रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि हमने कभी भी नागरिकों को टार्गेट नहीं किया।

सामाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया कि हमने तो नागरिकों पर हमले नहीं किए, लेकिन पाकिस्तान ने भारत में न केवल नागरिक इलाकों पर हमले किए, बल्कि उसने मंदिर, गुरुद्वारों और चर्चों पर भी हमले करने की कोशिशें की। इसके बाद ही हमारी सेना ने अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ प्रहार किया। इस दौरान सेना ने शौर्य के साथ ही संयम का भी परिचय दिया।

रावलपिंडी तक सुनी गई सेना की धमक

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कहते हैं कि हमारी सैन्य कार्रवाई केवल सीमा से सटे सैन्य ठिकानों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि भारत की वीर सेनाओं की धमक रावलपिंडी स्थित पाकिस्तानी सेना के हेडक्वार्टर तक सुनी गई। इसके साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। वो स्पष्ट कर चुके हैं कि ये नया भारत है जो आतंकवाद के ख़िलाफ़ सरहद के इस पार और उस पार दोनों तरफ़ प्रभावी कारवाई करेगा।

7 मई को शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमले के बाद 7 मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, ताकि आतंक के फनों को कुचला जा सके। 4 दिन तक चले इस अभियान के बाद 10 मई की शाम को 5 बजे अमेरिका की मध्यस्थता के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हुआ। लेकिन, इन चार दिनों में भारत ने पाकिस्तान को इतनी गहरी चोट दी है कि उसे इससे उबरने में काफी वक्त लगने वाला है।

Share

Recent News