दिग्गज अभिनेता मनोज कुमार का निधन हो गया है। शुक्रवार तड़के 3:30 बजे मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में 87 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे कुणाल गोस्वामी ने इस दुखद सूचना की पुष्टि की। भारतीय फिल्मों में वह भारत का पर्याय थे। देशभक्ति और भारत उनकी फिल्मों में दिखता था।
कुणाल ने बताया कि मनोज कुमार को लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। आज सुबह उन्होंने यह नश्वर शरीर त्याग दिया। मनोज कुमार के निधन पर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा कि सुबह 3:30 बजे उनका देहांत हुआ। हम सब बहुत दुख में हैं। आज फिल्म जगत को बहुत नुकसान हुआ है। आज उनकी फिल्में नए लोगों के लिए प्रेरणा हैं। उनका अंतिम संस्कार कल 12 बजे किया जाएगा। आज उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा जाएगा।
















