नई दिल्ली, (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में सार्वजनिक स्वास्थ्य अवसंरचना और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन पर सीएजी रिपोर्ट के संदर्भ में चर्चा की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) सरकार के 10 वर्षों में बदहाल हुई दिल्ली की स्वास्थ्य स्थिति को सीएजी रिपोर्ट ने उजागर किया। मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि दिल्ली को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने का दावा करने वाले केजरीवाल ने दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों को खुद ही बीमार बना डाला। 10 वर्षों में घोटालों की सरकार ने न तो एक भी नया अस्पताल बनवाया और न ही सुविधाएं दीं। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करते हुए क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट 2010 को दिल्ली में लागू नहीं किया।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने सालों से एसेंशियल ड्रग लिस्ट ही नहीं बनाई, जिससे दिल्ली के हर अस्पताल को अपनी अलग लिस्ट बनाने की छूट मिल गई, इसका सीधा नुकसान दिल्लीवासियों को हुआ। इसके अलावा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने डीडीए से अस्पताल और दवाखाने बनाने के लिए 684 लाख में 15 प्लॉट खरीदे थे लेकिन आज तक एक भी स्थान पर काम शुरू नहीं हुआ। जनता के पैसों से खरीदी गई जमीन खाली पड़ी है और दिल्ली के लोग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केजरीवाल ने हर विभाग में चोरी की है, यहां तक दिल्ली सरकार के सोशल मीडिया अकाउंट की भी चोरी कर ली, क्या ये उनके सम्पत्ति है, जो सोशल मीडिया अकाउंट की भी चोरी करके ले गए उनसे आप क्या ही उम्मीद कर सकते हैं।
https://panchjanya.com/2025/03/03/393415/analysis/aap-mancha-negra-de-cag/
















