इंफाल, (हि.स.)। मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला की अपील पर चार जिलों में लोगों ने पुलिस प्रशासन को हथियार सौंपे। पुलिस ने आज बताया कि इंफाल ईस्ट जिला केएसडीपीओ पोरमपट कार्यालय में 9 एमएम पिस्टल, एंटी-रायट गन, .303 राइफल, स्टन शेल और टियर गैस शेल सहित अन्य हथियार जमा कराए गए।
बिष्णुपुर जिले के 10 बीएन बीएसएफ लोकतक प्रोजेक्ट में 12 बोर सिंगल बैरल गन, .303 राइफल, विभिन्न प्रकार के ग्रेनेड, देसी पिस्टल, वायरलेस सेट, हेलमेट, बुलेटप्रूफ जैकेट कवर, बुलेटप्रूफ प्लेट और 70 एमएम देसी मोर्टार जमा किए गए।जिरीबाम जिले के लोगों ने भी पहल की है। यहां के लोगों ने जिरीबाम पुलिस स्टेशन में देसी एसबीबीएल गन, डबल बैरल गन, 12 बोर कारतूस, 7.62 एमएम और 5.56 एमएम राउंड, एके-47 और एसएलआर मैगजीन जमा कराए।इंफाल वेस्ट जिले के वांगोई पुलिस स्टेशन और सेक्माई पुलिस स्टेशन में एसएलआर राइफल, डबल बैरल गन, हैंड ग्रेनेड, कार्बाइन, मैगजीन, बुलेटप्रूफ जैकेट, बूट्स, हेड गियर और अन्य सामग्री सौंपी गई।
तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार बरामद
सुरक्षा बलों ने मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और गोला-बारूद बरामद किए। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इंफाल पश्चिम जिले के लामशांग थाना क्षेत्र के सैरमखुल इलाके से हथियारों का जखीरा मिला।
बरामद हथियारों में 5.56 मिमी इंसास एलएमजी (एक मैगजीन व 20 राउंड गोलियां), एक एके-56 राइफल, तीन एसएलआर राइफल (अलग-अलग मैगजीन में 12, 10 और 8 राउंड गोलियां), एक 9 मिमी कार्बाइन 1ए1 (8 राउंड गोलियां), एक .303 राइफल (5 राउंड गोलियां), एक डबल बैरल गन, चार एचई-36 हैंड ग्रेनेड (बिना डेटोनेटर), एक चीनी हैंड ग्रेनेड, दो कैमोफ्लाज हेलमेट, तीन बुलेटप्रूफ जैकेट, चार बुलेटप्रूफ प्लेट, एक कैमोफ्लाज मैगजीन पाउच और एक खुकरी शामिल हैं।
सुरक्षा बलों ने अभियान जारी रखते हुए संदिग्ध इलाकों में तलाशी तेज कर दी है।

















