गुजरात के सूरत में राह चलती तीन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपी नईमुद्दीन अरमान अब्दुल जब्बार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उधना इलाके की एक सोसायटी में रविवार (8 दिसंबर) को 19 वर्षीय आरोपी ने पहले स्कूटी पर बैठी एक लड़की के साथ छेड़छाड़ की। फिर सामने से आ रही दो अन्य लड़कियों के साथ भी उसने यही हरकत की। इस दौरान एक बच्ची भी वहां पर साइकिल चला रही थी। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए 700 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद नईमुद्दीन अरमान अब्दुल जब्बार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने अलग-अलग एंगल से भी फुटेज चेक किए थे। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अब्दुल कैसे मासूम लड़कियों को परेशान कर रहा है और उनके साथ गलत काम करने का प्रयास कर रहा है। उसकी इस हरकत से वे चारों लड़कियां डर जाती हैं और वहां से भाग जाती हैं। इसके बाद भी वह नहीं रुकता और कुछ दूरी तक उनका पीछा करता है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी संचा मशीन (पावर लूम) उद्योग चलाता था और शहर में अकेला रहता था। यह घटना रविवार शाम करीब साढ़े आठ बजे उधना की अमन को-ऑप हाउसिंग सोसायटी में हुई, जब आरोपी सोसायटी की अंदर घुसा और दो लड़कियां से छेड़छाड़ की कोशिश की। घटना का सीसीटीवी फुटेज, जो बाद में वायरल हो गया उसमें पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। फुटेज में आरोपी स्कूटी पर बैठी एक लड़की से छेड़छाड़ करता हुआ दिखाई दे रहा है, जो उसकी पकड़ से बच निकलती है। कुछ ही सेकंड में वह सामने से आ रही दो अन्य लड़कियों को अपना निशाना बनाता है और उनमें से एक को पीछे से पकड़ लेता है। लड़की उसका विरोध करती है और अपनी बहन के साथ मौके से भाग जाती है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है। साथ ही घटना के पर्याप्त सबूत जुटा रही है, ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके। पुलिस के अनुसार छेड़खानी की घटना के 24 घंटे बाद ही आरोपी का वीडियो वायरल हो गया था। ऐसे में उसको गिरफ्तार करना काफी आसान था।

















