गत दिनों राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत गुजरात प्रवास पर थे। इस दौरान वे एक दिन सूरत में थे। यहीं वडतालधाम (खेड़ा) के दो वरिष्ठ संतों स्वामी वल्लभदास जी महाराज और शुकदेव स्वामी जी महाराज ने श्री भागवत से भेंट की।
इस भेंट का उद्देश्य था वडतालधाम के द्विशताब्दी समारोह के लिए श्री भागवत को आमंत्रित करना। बता दें कि इस समय वडतालधाम का द्विशताब्दी समारोह चल रहा है। इस धाम की स्थापना स्वयं स्वामिनारायण भगवान ने की थी।
इस धाम के अंतर्गत देश-विदेश में अनेक मंदिर हैं। इन मंदिरों में सेवा के अनेक प्रकल्प चलते हैं। वडतालधाम में एक अस्पताल है, जहां ‘नगद खिड़की’ नहीं है। यानी यहां आने वाले सभी मरीजों को दवाई से लेकर अन्य सारी सुविधाएं नि:शुल्क दी जाती हैं। ऐसे ही यह धाम मणिपुर में हिंसा से पीड़ित हिंदू बच्चों को नि:शुल्क पढ़ाता है।
















