जम्‍मू-कश्‍मीर: बारामूला में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में मार गिराए दो आतंकी, AK-47 समेत हथियार बरामद

मारे गए आतंकियों के पास से एक एके 47 राइफल और एक पिस्तौल बरामद हुई है। इसके अलावा उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद भी मिला है

Published by
Panchjanya

जम्मू-कश्मीर स्थित बारामूला में सुरक्षाबलों ने एक मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया है। पुलिस के सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि वनिगम पयीन क्रीरी इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग की जाने लगी। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी मारे गए हैं। मारे गए आतंकियों के पास से एक एके 47 राइफल और एक पिस्तौल बरामद हुई है। इसके अलावा उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद भी मिले हैं। फिलहाल इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया है और किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।

दोनों आतंकी स्थानीय

एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया है कि मारे गए दोनों आतंकी स्थानीय हैं। ये दोनों ही आतंकी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए थे। ढेर किए गए आतंकी की पहचान शाकिर माजिद नजर और हनान अहमद शेह के तौर पर हुई है। ये दोनों ही शोपियां के रहने वाले हैं। दोनों मार्च 2023 में आतंकी गतिविधियों में शामिल हुए।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस के अनुसार सुरक्षाबल जब इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे तभी आतंकियों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए आतंकियों को ढेर कर दिया। इस दौरान आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए। कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर आतंकियों के मारे जाने और उनसे हथियार बरामद होने की जानकारी दी। फिलहाल इलाके में हालात को स्थिर रखने के लिए सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है। गौरतलब है कि बीते बुधवार को भी कुपवाड़ा में दो आतंकियों को सुरक्षा बलों ने ढेर किया था। सेना के अनुसार उन्‍हें पुलिस की ओर से सूचना मिली थी कि इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। साथ ही यह भी जानकारी दी कि आतंकी लॉन्च पैड के जरिए एलओसी के रास्ते घुसपैठ करने की साजिश रच रहे हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा बलों ने कार्रवाई की और आतंकियों को मार गिराया।

Share