दुनिया के सबसे अमीर आदमी और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग ट्विटर इंक को खरीद लिया है। ट्विटर कंपनी बोर्ड ने सोमवार देर शाम एलन मस्क के 43 बिलियन अमेरिकी डॉलर (प्रति शेयर 54.20 डॉलर) यानी करीब 3200 अरब रुपये की पेशकश को मंजूर कर लिया है।
एलन मस्क ने एक ट्वीट करके कहा था कि मुझे उम्मीद है कि मेरे सबसे बुरे आलोचक ट्विटर पर बने रहेंगे, क्योंकि फ्री स्पीच का यही मतलब होता है। मस्क कुछ दिनों से व्यक्तिगत क्षमता के तहत ट्विटर को खरीदने के लिए बातचीत कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक ट्विटर मस्क के साथ अब तक ‘गो-शाप’ प्रविधान को अंतिम रूप नहीं दे पाई, जिसके तहत सौदे पर हस्ताक्षर होने के बाद उसे अन्य बोलियां मंगाने की मंजूरी मिली। अगर कोई अन्य कंपनी अधिग्रहण का ज्यादा बेहतर आफर देती है तो ट्विटर मस्क को ब्रेक-अप शुल्क देकर किसी अन्य पार्टी का प्रस्ताव स्वीकार कर सकेगी।
सोमवार को न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में प्री-मार्केट ट्रेडिंग में ट्विटर का शेयर 4.5 फीसदी ऊपर 51.15 डॉलर पर था। इस सौदे से पहले ट्विटर में एलन मस्क की 9.2 फीसदी की हिस्सेदारी थी। हालांकि कुछ दिनों पहले एसेट मैनेजमेंट फर्म वैनगार्ड ग्रुप ने यह जानकारी सार्वजनिक करके सबको चौंका दिया था कि उसके पास ट्विटर की 10.3 फीसदी हिस्सेदारी है। हालांकि इस दावे की अब तक पुष्टि नहीं हो सकी है। मस्क ने इससे पहले ट्विटर के अधिग्रहण का प्रस्ताव दिया था तो कंपनी में शेयरधारक और सऊदी प्रिंस अलवलीद बिन तलाल ने इसे यह कहकर खारिज कर दिया था कि प्रस्तावित पेशकश कंपनी का सही मूल्यांकन नहीं है।
(सौजन्य सिंडिकेट फीड)

















