दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकालने के दौरान हुए हमले के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. प्रदेश के सभी जनपदों के पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी सतर्कता बरतें. पुलिस मुख्यालय से इस आदेश के बाद जनपदों में सघन चेकिंग की गई.
अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा है कि दिल्ली में हुई घटना को देखते हुए हमने फील्ड अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों और दिल्ली से सटे इलाकों में गश्त करने और पर्याप्त बल तैनात करने का निर्देश दिया है। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम दिल्ली पुलिस के साथ वास्तविक समय की जानकारी साझा कर रहे हैं। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस कप्तान और चार जिलों के पुलिस कमिश्नरेट को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. किसी भी हालात में राज्य की कानून व्यवस्था न बिगड़ने पाए. प्रदेश में सभी पुलिस अधिकारीयों को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरतने के साथ ही लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि इंटेलिजेंस को भी अलर्ट कर दिया गया है और सभी प्रकार की सूचनाओं का संकलन करने व उन्हें लेकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिये गये हैं जिससे कहीं शांति-व्यवस्था प्रभावित न हो. हर छोटी घटना को भी पूरी गंभीरता से लेकर त्वरित कार्रवाई करने के साथ ही शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है.
उल्लेखनीय है कि हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर दिल्ली के जहांगीरपुरी में शोभायात्रा निकाली जा रही थी. शोभायात्रा में हमले के बाद अफरा तफरी मच गई. पथराव में एक सब इंस्पेक्टर के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गये. उग्र लोगों की भीड़ ने दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया है. जहांगीरपुरी में तनाव के बाद काफी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया.











