सपा के पूर्व मंत्री के भूखंड से लड़की का शव बरामद, माँ ने लगाई थी सपा अध्यक्ष से गुहार, नहीं सुनी गई पुकार

Published by
लखनऊ ब्यूरो

करीब दो महीने से उन्नाव जनपद में एक लड़की लापता थी. इस बीच लापता लड़की की मां ने परेशान होकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गाड़ी के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था. लड़की की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त रजोल सिंह को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था. पुलिस को शक था कि लापता लड़की की हत्या कर दी गई है.

विवेचना के क्रम में जनपद उन्नाव की सदर कोतवाली थाने की पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई. इसके बाद पुलिस ने समाजवादी पार्टी की सरकार में मंत्री रहे स्व. फ़तेह बहादुर सिंह के एक भूखंड की खुदाई करवाई. खुदाई में लापता लड़की का शव बरामद हुआ. पुलिस ने अभियुक्त रजोल सिंह की निशानदेही पर भूखंड की खुदाई करवाई थी.

बता दें कि पूर्व राज्यमंत्री स्व. फतेह बहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह पर युवती के अपहरण का आरोप था. युवती की मां ने अपहरण और हत्या का आरोप लगाया था. लाश बरामद होने की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया. भूखंड पर पुलिस अधीक्षक उन्नाव भी मौके पर पहुंचे.

Share