पाकिस्तान के सिंध सूबे में एक हिंदू व्यापारी की गोली मारकर हत्या करने का समाचार मिला है। पता चला है कि वहां घोटकी जिले में जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था जिसमें हिन्दू व्यापारी को गोली मार दी गई। इस घटना को लेकर स्थानीय हिन्दुओं में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है, उन्होंने विरोध प्रदर्शन करके अपराधियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मीडिया में आई खबरों से पता चला है कि गत 31 जनवरी को पाकिस्तान के सिंध प्रांत के घोटकी जिले में एक हिंदू कारोबारी सतन लाल से दहर समुदाय के लोगों का जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद व्यापारी की गोली मार कर हत्या कर दी गई। दाहरकी शहर से करीब दो किमी दूर रहने वाले कथित दहर समुदाय द्वारा की गई इस हत्या से लोग इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने अगले दिन सुबह थाने पर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं, गुस्साए हिंदुओं ने हत्या के विरोध में हाइवे को भी जाम करके प्रदर्शन किया।
कुछ महीने पहले सतन लाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया था जिसमें सतन लाल आरोप लगाते दिख रहे थे कि उनको जान से मारने, आंख फोड़ने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्हें पाकिस्तान से चले जाने को कहा जा रहा है।

मृतक सतन लाल के एक मित्र के अनुसार, सतन की जमीन पर एक कपास की फैक्ट्री तथा आटा चक्की शुरू हुई थी। वहीं उद्घाटन के मौके पर कुछ लोगों ने सतन को गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। उसने बताया कि शुरू में तो ऐसा महसूस हुआ जैसे गोलीबारी उसी जश्न की वजह से की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले सतन लाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया था जिसमें सतन लाल आरोप लगाते दिख रहे थे कि उनको जान से मारने, आंख फोड़ने की धमकियां दी जा रही हैं। उन्हें पाकिस्तान से चले जाने को कहा जा रहा है। उसके बाद उक्त कार्यक्रम के दौरान उनकी आखिरकार गोली मारकर हत्या कर दी गई। सिंध सूबे में हिन्दू कारोबारियों की जान पर संकट बना रहता है। वहां का हिन्दू समुदाय भय के साए में जीने को विवश है। आएदिन उनके मंदिर और घरों पर हमले होते हैं, उनकी नाबालिग बेटियों को अगवा करके जबरन निकाह किया जाता है। लेकिन स्थानीय प्रशासन उन्मादियों के ही पाले में खड़ा नजर आता है।











