उत्तर प्रदेश में प्रतिदिन की जाए तीन से चार लाख लोगों की जांच : योगी

Published by
लखनऊ ब्यूरो
सरकार ने ऑक्‍सीजन प्‍लांट, बेड, डॉक्‍टरों व कर्मचारियों, अस्‍पताल, वेंटिलेटर की संख्‍या में इजाफा किया है, जिसके कारण यूपी तीसरी लहर से लड़ने में पूरी तरह सक्षम है।

 

उत्तर प्रदेश में टेस्टिंग व टीकाकरण की रफ्तार को तेजी से बढ़ाया जा रहा है। इसका परिणाम है कि यूपी में अब तक 9 करोड़ 39 लाख से अधिक टेस्‍ट व 20 करोड़ 69 से अधिक वयस्कों का टीकाकरण किया जा चुका है। प्रदेश में तीन जनवरी से शुरू हुए 15 से 18 साल के बच्‍चों के टीकाकरण अभियान में 7 लाख से अधिक टीकाकरण किया जा चुका है।

सरकार ने ऑक्‍सीजन प्‍लांट, बेड, डॉक्‍टरों व कर्मचारियों, अस्‍पताल, वेंटिलेटर की संख्‍या में इजाफा किया है, जिसके कारण यूपी तीसरी लहर से लड़ने में पूरी तरह सक्षम है। प्रदेश में कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए तैनात किए गए नोडल अधिकारी हर स्थिति पर सीधी नजर रख रहे हैं। सीएम ने हर दिन न्यूनतम तीन से चार लाख टेस्ट किए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

केजीएमयू, आरएमएल और एसजीपीजीआई लखनऊ में जीनोम सिक्वेंसिंग की सुविधा को विस्तार देने के निर्देश दिए गए हैं, जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए आवश्यक मशीनें और मानव संसाधन की व्यवस्था को बढ़ाने के भी आदेश दिए गए हैं। बता दें कि जिन जिलों में एक्टिव केस की न्यूनतम संख्या 1,000 से अधिक होगी उन जिलों में नई व्यवस्था लागू होगी। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 1,96,502 जांचों में 3,121 कोरोना के मामलों की पुष्टि हुई। प्रदेश में कुल एक्टिव कोविड केस की संख्‍या 8,224 है। रिकवरी रेट 98.2 प्रतिशत दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में 47 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी है।

Share

Recent News