|
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा पिछले दिनों पत्रकारिता विषय पर महंत घासीदास संग्रहालय सभागार में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख डॉ़ मनमोहन वैद्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रहे। अध्यक्षता कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो़ डॉ़ मानसिंह परमार ने की। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में श्री वैद्य ने कहा कि आखिर भारत बोध क्या है? वास्तविक भारत को देखना है, तो गांवों को जानना होगा। हमें एक ऐसी दृष्टि पैदा करनी पड़ेगी जो सभी मानवमात्र को समानभाव से माने। आज के समाचार पत्रों में गांवों का दृश्य नदारद है जो वास्तविक भारत नहीं है। इसे जानना, समझना पड़ेगा और यह हमारी पत्रकारिता में दिखाई भी देना चाहिए। देश में भ्रष्टाचार, बलात्कार, हिंसा आदि कुत्सित कार्य हो रहे हैं, किन्तु पूरे भारत के परिदृश्य में ऐसा नहीं है। उन्होंने भारत की विशेषता के बारे में कहा कि सत्य एक है। पहले भारत को पूरी दुनिया असहिष्णु मानती थी। आज दृश्य बदलते हुए दिखाई दे रहा है, क्योंकि हम विश्व मानवता की बात करते हैं। हम भारत भूमि को ही नहीं, गांव, नदी, तुलसी पौधे को भी माता मानते हैं। भारत किसी एक व्यक्ति या समुदाय का नहीं, यह देश भारत के लोगों का है। भारत ही दुनिया में ऐसा अकेला देश है, जिसकी विशेषता, दर्शन, चिंतन, दृष्टि का आधार अध्यात्म है। कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष आशुतोष मंडावी ने किया।
'प्रतिभा को जागरूक करता समूह'
गत दिनों नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में स्पेस एनुअल मीट का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद मीनाक्षी लेखी एवं नई दिल्ली स्थित संयुक्त राज्य अमेरिका के दूतावास में विज्ञान अधिकारी डॉ एंड्रिया रोबल्स ओल्सन मौजूद थीं। इस अवसर पर स्पेस समूह के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री सचिन ने कहा कि हमने विभिन्न खगोल विज्ञान आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को जानकारी दी है। तो वहीं समूह बीस हजार से ज्यादा छात्रों को प्रतिवर्ष इस बारे में शिक्षित करने का भी काम कर रहा है। हम हर वर्ष प्रतिभागियों जिनका सपना आकाश में उड़ने का है, उन्हें इस क्षेत्र के बारे में ज्यादा ज्ञान मिले, इसलिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते हैं। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए नासा के परियोजना वैज्ञानिक डॉ. पॉल रोजेन ने कहा कि भारत-अमेरिका को इस तरह के कार्यक्रमों में मिलकर सहयोग करना चाहिए। नासा दुनियाभर से प्रतिभाशाली छात्रों का इंतजार कर रहा है। इस अवसर पर क्षुद्रग्रह खोजकर्ता पर नासा वैज्ञानिकों द्वारा साहिल वाधवा को सम्मानित किया गया। – प्रतिनिधि
हर्षोल्लास से मनाई नेताजी की जयंती
महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के 120वें जन्म दिवस पर गत दिनों रा.स्व.संघ के स्वयंसेवकों ने बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। देशभर में विभिन्न स्थानों पर पथ संचलन निकाला। खासकर उत्तर-पूर्व में असम के माजुली, डिब्रूगढ़, सिलचर, नलवारी, लखीमपुर और शिवसागर एवं नागालैंड के दीमापुर में नेताजी की याद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर ओडिशा के संभलपुर में रा.स्व.संघ के सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत ने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के वजह से ही आज भारत स्वतंत्र है। -प्रतिनिधि










