| दिंनाक: 02 Nov 2015 13:08:15 |
|
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री लक्ष्मणराव पार्डिकर का 26 अक्तूबर की सुबह एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके पास इन दिनों क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष का दायित्व था। इसके साथ ही वे डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति, नागपुर तथा जनकल्याण समिति (ग्राम सुधार) के अध्यक्ष भी थे। इससे पहले उन्होंने अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जैसे अनेक दायित्वों को निभाया था। श्री पार्डिकर नागपुर से छिन्दवाड़ा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बोर गांव के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं उनका निधन हो गया। उनके साथ दो अन्य कार्यकर्ता भी थे, जो घायल हुए हैं। उनका इलाज नागपुर में चल रहा है।
श्री पार्डिकर गत 50 वर्ष से संघ कार्य को आगे बढ़ाने में लगे हुए थे। वे नागपुर महानगर के संघचालक भी रहे थे। जीवन-पर्यन्त उन्होंने संघ की सेवा की। क्रीड़ा भारती के कार्य के लिए वे 70 वर्ष की आयु में भी निरन्तर प्रवास करते थे। उनका खिलाडि़यों से बहुत निकट का सम्बंध रहता था। उनके निधन पर सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत, सरकार्यवाह श्री भैयाजी जोशी, सहसरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले, डॉ. कृष्ण गोपाल और श्री भागैया ने शोक व्यक्त किया है। स्व. लक्ष्मणराव की स्मृति में नागपुर में एक श्रद्धांजलि सभा हुई, जिसमें क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष श्री चेतन चौहान, महामंत्री श्री राज चौधरी, विदर्भ प्रान्त सहसंघचालक श्री राम हरकरे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
श्री चेतन चौहान ने कहा कि श्री लक्ष्मणराव क्रीड़ा भारती को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत थे। -प्रतिनिधि