| दिंनाक: 26 Oct 2015 14:06:18 |
|
नागपुर में भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक स्व. दत्तोपंत ठेंगडी की पुण्यतिथि (14 अक्तूबर) पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि उनकी पुण्यतिथि को समरसता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री भैयाजी जोशी ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल चर्चा का विषय नहीं है, इसे आचरण में लाना होगा। आज के दिन हम इसे आचरण में लाने का प्रण करें। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के विचारों की गति हवाई जहाज जैसी होती है, लेकिन उन विचारों पर अमल करते समय उसकी गति बैलगाड़ी जैसी हो जाती है। यह वास्तव में ध्यान में रखने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि यह समाज एक विराट पुरुष के समान है और व्यक्ति उसका एक अंग है। व्यक्ति को उसकी क्षमता के अनुसार सम्मान मिलना चाहिए। लेकिन यह क्षमता, यह सम्मान कमजोर वर्ग के शोषण का कारण नहीं
बनना चाहिए।
कार्यक्रम में श्री भैयाजी ने 'स्व. दत्तोपंत ठेंगडी जीवन दर्शन' के खण्ड 1 और 2 का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय मजदूर संघ, विदर्भ प्रदेश के अध्यक्ष श्री रमेश पाटिल ने की। इस अवसर पर संघ के प्रान्त सहसंघचालक श्री राम हरकरे, डॉ. रविन्द्र जोशी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।
– प्रतिनिधि