| दिंनाक: 05 Oct 2015 12:50:25 |
|
संयुक्त राष्ट्र महासभा की वार्षिक बैठक में अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इच्छा व्यक्त की है कि अमरीका हर हाल में सीरिया में चल रहे गृहयुद्ध का हल चाहता है। इसके लिए वह ईरान और रूस के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। ओबामा ने कहा 'सीरियाई नेता बसर अल-असद को सत्ता से बेदखल कर कामयाब बदलाव हासिल करने के लिए अमरीका, रूस और ईरान के साथ मिलकर काम करना चाहता है। मौजूदा स्थिति से सीरिया युद्ध के पूर्व की स्थिति में नहीं लौट सकता है।' हालांकि असद का भविष्य ओबामा और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली बैठक में लिए गए निर्णयों पर होगा।
सनद रहे कि ओबामा की यह टिप्पणी असद को लेकर अमरीका और रूस के बीच तनाव को जाहिर करती है। अपने भाषणों में रूसी राष्ट्रपति पुतिन द्वारा असद को लगातार दिए जा रहे समर्थन को ओबामा ने सिरे से खारिज किया है। वहीं अमरीकी राष्ट्रपति ने मास्को के खिलाफ पश्चिमी देशों द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों का भी बचाव किया और कहा कि रूस लगातार यूक्रेन में विद्रोहियों का समर्थन कर रहा है। साथ ही संयुक्त राष्ट्रमहासभा की बैठक में ईरान के राष्ट्रपति ने एक बार फिर सीरिया के बसर अल असद का खुलकर समर्थन किया है। ईरानी राष्ट्रपति हसन रुहानी ने कहा कि आईएस के बढ़ते कदम को रोकने के लिए असद का सत्ता में बने रहना जरूरी है और असद सरकार को कमजोर करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। रूहानी के अनुसार सीरिया में अंतरराष्ट्रीय ताकतों की प्राथमिकता आईएस को खदेड़ने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हमें आतंकवाद से सफलतापूर्वक मुकाबला करना है तो सीरिया सरकार को कमजोर नहीं किया जा सकता है। सीरियाई सरकार को समीकरण से बाहर करने पर आतंकी दमिश्क में घुस जाएंगे।
ध्यान रहे कि असद के खिलाफ विद्रोह करने वाले लड़ाकों को मदद पहंुचाई जा रही है। सीरिया में पिछले चार वर्ष से चल रहे आन्तरिक संघर्ष में लगभग 2.40 लाख से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और हजारों की संख्या में लोग यूरोप की ओर भाग रहे हैं। *