|
चीन में मोदी : 14 से 16 मई को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन के दौरे पर थे। वहां राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनके तमाम वरिष्ठ मंत्रियों ने श्री मोदी का भावभीना स्वागत किया। चीनी नेताओं ने परंपराओं से परे जाकर श्री मोदी के स्वागत में खास इंतजाम किए, राष्ट्रपति के गृह प्रदेश में उन्हें विभिन्न ऐतिहासिक स्थान दिखाए और विशेष भोज का आयोजन किया गया। द्विपक्षीय वार्ता में व्यापार आतंकवाद और सामरिक-रणनीतिक विषयों पर चर्चा की गई।
सरकारी विज्ञापनों में नेताओं की फोटो पर रोक
सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्र और राज्यों के लिए नए दिशानिर्देश दिए हैं। इनके तहत अब सरकारी विज्ञापनों में नेताओं की फोटो को इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। न्यायालय ने सिर्फ राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्य न्यायाधीश के फोटो को ही इस्तेमाल करने की अनुमति दी है। पैसे का दुरुपयोग रोकने के लिए यह व्यवस्था की गई है। इसके अलावा न्यायालय ने कहा, 'गांधी जयंती जैसे मौकों पर विज्ञापन सिर्फ एक ही मंत्रालय दे, न कि सभी मंत्रालयों की ओर से विज्ञापन जारी हों। निर्देश पर अमल के लिए सरकार से तीन सदस्यीय कमेटी बनाने को भी कहा गया है।
68.4 फीसद नमूने मिलावटी दूध के
राज्यसभा में मिलावटी पर दूध पर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार के मुताबिक खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसआई) के देश भर में कराए सर्वेक्षण में 68.4 फीसद नमूने मिलावटी दूध के पाए गए। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर इन सभी को 33 राज्यों से हटा लिया गया है। उन्होंने बताया वर्ष 2011 में एफएसएसएआई के पांच क्षेत्रीय कार्यालयों में कराए गए सर्वेक्षण के तहत 33 राज्यों से 1791 नमूने लिए गए थे। सभी का परीक्षण सरकारी प्रयोगशाला में किया गया। वसायुक्त दूध पाउडर के 548 नमूने (44.69 प्रतिशत) भी खराब पाए गए। इनमें ग्लूकोज की मात्रा अधिक पाई गई।
आमने-सामने
हरियाणा सरकार वाड्रा के जमीन सौदों की जांच कराने के लिए खाका तैयार कर चुकी है। 15 मई को आयोग बनाने की अधिसूचना की प्रति कुरुक्षेत्र में होने वाली भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बाद पत्रकारों को वितरित कर दी जाएगी। आयोग पिछली हुड्डा सरकार के दस साल के जमीन सौदों की भी जांच करेगा।
-प्रो. रामविलास शर्मा
शिक्षा एवं परिवहन मंत्री, हरियाणा
मीडिया के पास एक ही सवाल है, वाड्रा। मैं कितनी बार कह चुका हूं कि वाड्रा को हमारी सरकार ने कोई रियायत नहीं दी। वाड्रा ने जो भी किया, वह नियमानुसार किया। पूरे मामले में सिर्फ राजनीति हो रही है।
-भूपेंद्र सिंह हुड्डा
पूर्व मुख्यमंत्री, हरियाणा
साइबर गुटरगूं
जयललिता के आय से अधिक 'संपत्ति मामले' में सर्वोच्च न्यायालय में अपील की गई है। मैं साबित कर दंूगा कि कर्नाटक उच्च न्यायालय का फैसला जोड़-घटाव की त्रुटियों की त्रासदी है। जयललिता मुख्यमंत्री बनीं तो उन्हें फिर से इस्तीफा देना पड़ सकता है।
-सुब्रह्मण्यम स्वामी, वरिष्ठ भाजपा नेता
'अनंता बिजॉय दास, बंगलादेश के विज्ञान विषयों के लेखक और ब्लॉगर। उन्हें फांसी दे दी गई है। एक समय था, जब उन्होंने मुझ पर कविता लिखी थी। बंगलादेश आज पाकिस्तान से ज्यादा बदतर हो गया है। -तसलीमा नसरीन
अमेठी में फूड पार्क को लेकर राहुल गांधी द्वारा बोले गए झूठ का अब पूरी तरह खुलासा हो चुका है। आखिर वह झूठ क्यों बोलते हैं ? कहीं यह उनके दो माह के आत्ममंथन और विपश्यना ध्यान का नतीजा तो नहीं है? -डॉ. मनीष कुमार
सम्मान
कोलकाता मूल के लेखक नील मुखर्जी को ब्रिटेन में साहित्यिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनके उपन्यास 'द लाइव्स ऑफ अदर्स' को दूसरे सर्वश्रेष्ठ उपन्यास के लिए 'एनकोर एवार्ड' दिया गया है। इस पुरस्कार की शुरुआत 1990 में की गई थी। इस सम्मान के तहत नील को 10 हजार पौंड (करीब 10 लाख रुपए) की राशि प्रदान की गई।
गीता को साक्षी मानकर ली शपथ
भारतीय मूल के डेनियल मुखी गीता को साक्षी मानकर संसद की सदस्यता लेने वाले पहले सांसद बन गए हैं। 32 वर्षीय मुखी न्यू साउथ वेल्स के ऊपरी सदन में पहुंचने वाले भारतीय मूल के पहले व्यक्ति हैं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गीता को साक्षी मानकर पद और गोपनीयता की शपथ लेने वाला पहला ऑस्ट्रेलियाई नेता बनने को लेकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने इस ऊंचाई पर पहुंचने में साथ देने वाले लोगों का भी धन्यवाद किया।
उपलब्धि
भारतीय मूल की हरभजन कौर धीर लंदन में इलिंग काउंसिल की पहली एशियाई मेयर बन गई हैं। 62 वर्षीय धीर के पति भी इलिंग के मेयर रह चुके हैं। हरभजन वर्ष 1975 में पंजाब से ब्रिटेन आई थीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह काफी गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।
'मेरिट' में 'सीसैट' के अंक नहीं
संघ लोक सेवा आयोग की बैठक में भारतीय भाषाओं में परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सरकार ने विवादित 'सीसैट' पेपर के नंबर 'मेरिट' में नहीं जोड़ने का फैसला किया है। इससे ग्रामीण इलाकोें से आने वाले लाखों परीक्षार्थियों को विज्ञान और इंजीनियरिंग के परीक्षार्थियों के साथ बराबर की प्रतियोगिता करने का अवसर मिलेगा।











