| दिंनाक: 13 Sep 2014 15:22:55 |
|
जयपुर में जामडोली स्थित केशव विद्यापीठ में 6, 7 एवं 8 सितम्बर को महाविद्यालयीन विद्यार्थियों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसका उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री सुरेश जोशी उपाख्य भैया जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। भैया जी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे आत्मकेन्द्रित भाव से बाहर निकल कर समाज के लिए आगे आएं। भारत में जन्म लेने वालों को अपने आपको सौभाग्यशाली समझना चाहिए। चेतनायुक्त मानी जानी वाली इस भूमि में अपना सर्वस्व समर्पण करने वाले अनेक महापुरुषों ने जन्म लिया है। यहां की श्रेष्ठ संस्कृति हमें विरासत में मिली है। हमारी जीवनशैली स्वार्थ से ऊपर उठकर जीना सिखाती है। इसमें लेने की नहीं, देने की बात होती है। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि और भामाशाह ने देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पण किया था। युवाओं को समाज की कुरीतियों को दूर करने के लिए काम करना चाहिए। परिवर्तन का मूक साक्षी बनना हमारा काम नहीं, बल्कि इसे गति प्रदान करना हमारा काम है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अपार क्षमताएं हैं। भारत दुनिया के साथ खड़े होने की दिशा में चल पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारा मूल स्वभाव विनाश का नहीं, बल्कि सृजन का है।
शिविर में जयपुर विभाग के करीब एक हजार महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचारक श्री दुर्गादास, प्रान्त प्रचारक श्री शिव लहरी, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख श्री वर्धन, अखिल भारतीय सह सम्पर्क प्रमुख श्री अरुण कुमार, जयपुर प्रान्त के सह संघचालक डॉ. रमेशचन्द्र अग्रवाल, विश्व विभाग के सह संयोजक श्री रवि कुमार और जयपुर विभाग संघचालक श्री देवीलाल पारीक उपस्थित थे। -प्रतिनिधि