हृदयनारायण दीक्षित की पुस्तक श्रीभगवद्गीता लोकार्पितअतीत को वर्तमान से जोड़ती है गीता-श्रीधर पराड़कर, अ.भा.संगठन मंत्री, अ.भा.साहित्य परिषद
|
अतीत को वर्तमान से जोड़ती है गीता
–श्रीधर पराड़कर, अ.भा.संगठन मंत्री, अ.भा.साहित्य परिषद
'अब तक भले ही तमाम विद्वानों का यह निष्कर्ष रहा हो कि श्रीमद्भगवद् गीता वेद के सिद्धांतों का प्रतिपादन नहीं करती, लेकिन श्री हृदय नारायण दीक्षित के नए ग्रंथ श्रीभगवद्गीता (गीता के सभी श्लोकों की सुसंगत व्याख्या) को देखने के बाद इस धारणा को बदलना पड़ेगा। यह पुस्तक न सिर्फ अतीत को वर्तमान से जोड़ती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि वेद के सारतत्वों से गीता कहीं अलग नहीं है'। उक्त विचार अखिल भारतीय साहित्य परिषद के अखिल भारतीय संगठन मंत्री श्री श्रीधर पराड़कर ने गत 23 अगस्त को लखनऊ में श्री हृदयनारायण दीक्षित की पुस्तक श्रीभगवद्गीता का लोकार्पण करते हुए व्यक्त किए।
लोकहित प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश के लोकसपंर्क, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. लक्ष्मीकांत शर्मा ने घोषणा की कि वह इस अद्भुत ग्रंथ को मध्य प्रदेश शासन की तरफ से भी प्रकाशित कराएंगे। उन्होंने लोकहित प्रकाशन को राष्ट्रीय स्वाभिमान व भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत पुस्तकें प्रकाशित करने के लिए बधाई दी। साथ ही ऐसे प्रकाशनों को हर संभव सहायता की घोषणा की।
समारोह के विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री श्री रवीन्द्र शुक्ल थे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रधर्म प्रकाशन के प्रबंधक श्री पवन पुत्र बादल ने किया। प्रतिनिधि
अभाविप की वेबसाइट हैक
पाकिस्तान 'साइबर आर्मी' की घिनौनी करतूत
छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की वेबसाइट गत 26 अगस्त की रात पाकिस्तान 'साइबर आर्मी' द्वारा हैक कर ली गई। वेबसाइट हैक करने की यह घटना पिछले 10 दिनों में दूसरी बार हुई है। वेबसाइट हैक करने की घटना पर रोष प्रकट करते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्री उमेश दत्त ने कहा कि इस प्रकार के कृत्यों की अभाविप कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भारत के नौजवान पाकिस्तान की हर नापाक गतिविधियों का जवाब देने में समर्थ हैं। आज तक पाकिस्तानी एजंेसियां या पाकिस्तानी सरकार की कोई भी कुटिल मंशा भारत ने सफल नही होने दी है। इससे बौखलाकर ये लोग वेबसाइट हैक करने जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
श्री उमेश दत्त ने कहा कि अभाविप ने तो अपनी वेबसाइट ठीक कर ली है, लेकिन विषय की गंभीरता को देखते हुए अभाविप ने इस संदर्भ में एफ.आई.आर. दर्ज कराने का फैसला किया है। उन्होंने इस विषय में केन्द्र सरकार की ढुलमुल नीति की आलोचना करते हुए कहा की केन्द्र सरकार को ऐसे विषयों में पहल करते हुए पाकिस्तान सरकार से विरोध प्रकट करना चाहिए और कड़े कदम उठाते हुए सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि इस प्रकार के कृत्यों पर रोक लग सके। दप्रतिनिधि











