विविध
|
प्रतिनिधि
श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण में आने वाली न्यायिक बाधाओं को दूर करने के लिए देशभर के साधु-संत व रामभक्त 30 सितम्बर को सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। हनुमान चालीसा का पाठ मठ-मंदिरों, मोहल्लों तथा ग्रामों के किसी सार्वजनिक स्थल पर होगा। यह निर्णय गत 19 सितम्बर को दिल्ली में ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य जगदगुरू स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती, श्रीराम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष व श्री मणिरामदास छावनी के महन्त नृत्यगोपाल दास तथा महन्त नवल किशोर दास ने संयुक्त रूप से लिया।
पूज्य संतों ने कहा कि आगामी 30 सितम्बर को देशभर में हनुमान चालीसा का 11 बार पाठ कर श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण हेतु हनुमत शक्ति का जागरण किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष इसी दिन इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खण्डपीठ ने अयोध्या में विराजमान भगवान रामलला की जन्मभूमि को स्वीकार करते हुए फैसला सुनाया था।











